विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को किया गया जागरूक
0 उपजाऊ मृदा परीक्षण कृषि की उन्नति का आधार – श्रीराम सिंह
पड़री, मिर्जापुर।
विकास खंड पहाड़ी के ग्राम सभा मोहनपुर भंवरख में मंगलवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान का एक दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मझवां की विधायक शुचिस्मिता मौर्य एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी इंद्रबहादुर पांडेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत माँ विंध्यवासिनी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने किसानों को जैविक खेती अपनाने एवं मृदा परीक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने से उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
ब्लॉक प्रमुख इंद्रबहादुर पांडेय ने भी किसानों को संबोधित करते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और तकनीकी खेती की आवश्यकता पर बल दिया।
कृषि वैज्ञानिक श्रीराम सिंह ने किसानों को धान, गेहूं एवं सब्जी की उन्नत खेती के नवीन तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि “बेहतर फसल उत्पादन के लिए मृदा परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। इससे किसान अपनी भूमि की गुणवत्ता के अनुसार उपयुक्त फसल का चयन कर सकते हैं।”
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पहाड़ी हरिओम गुप्ता, फसल सुरक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद नाथ सिंह (भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी), भाजपा मंडल अध्यक्ष पहाड़ी अशोक कुमार मौर्य, उप कृषि निदेशक विकेश पटेल, एडीओ कृषि विनोद सिंह, डॉ. पी. के. कश्यप समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ज्ञान प्रकाश सिंह, सुनील सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव समेत विकास खंड पहाड़ी के सैकड़ों किसान शामिल हुए और उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।