ईओ जी लाल ने की गंगा प्रहरियों के साथ घाटों की सफाई
फोटोसहित
मीरजापुर। आगामी गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासन, जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर के नौ प्रमुख घाटों पर स्वच्छता प्रहरियों, कर्मचारियों के साथ विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी के मार्गदर्शन पर इस अभियान का नेतृत्व खुद ईओ जी लाल ने किया। उन्होंने गंगा प्रहरियों और कर्मचारियों के साथ विंध्याचल के घाटों पर साफ-सफाई की। उन्होंने घाटों के किनारे पड़े कूड़े करकट, माला फूल आदि को उठाया। घाटों की सीढ़ियों पर भी झाड़ू लगाकर सफाई की। इस मौके पर ईओ ने कहा कि गंगा दशहरा और विश्व पर्यावरण दिवस पर दो दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। गंगा प्रहरियों और पालिका के कर्मचारियों के साथ घाटों और गंगा किनारे साफ सफाई की जा रही है। नगर के नौ घाटों पर एक साथ अभियान चलाकर साफ सफाई की गई है।लोगो से घाटों को साफ सुथरा रखने की अपील गई है। गंगा नदी में माला फूल न डालने, कचरे को डस्टबिन भी डालने के लिए कहा गया है। जिससे आगामी त्यौहारों पर घाट स्वच्छ और सुंदर रखा जा सके। इस मौके पर सीएसआई मनोज सेठ, डीपीएम संजय सिंह, गंगा प्रहरी टीम के सदस्य, पालिका के कर्मचारीगण मौजूद रहे।