मोबाइल से सोलर तक: युवाओं को मिलेगा रोजगार का हुनर
0 दूसरे चरण में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 14 नए ट्रेड जोड़े गए
फोटोसहित
मीरजापुर।
बेरोजगार युवाओं को हुनरमंद बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करने की दिशा में शासन ने विश्वकर्मा श्रम योजना 2.0 की शुरूआत की है। योजना के दूसरे चरण में 14 नए ट्रेड शामिल किए गए हैं। इनका युवा प्रशिक्षण ले सकेंगे। उद्योग विभाग के इस योजना का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं बल्कि युवाओं को हुनर से स्वरोजगार तक पहुंचाना है। चयनित अभ्यर्थियों को 10 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में युवाओं को सम्बंधित व्यवसाय की बारीकियां, काम करने की तकनीक, उपकरणों के इस्तेमाल और व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने की जानकारी दी जाएगी। इससे प्रशिक्षण लेने वाले युवा नौकरी तलाशने के बजाय अपना काम शुरू करने के लिए तैयार हो सकेंगे।
योजना के पहले चरण में बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, टोकरी बुनकर, हलवाई, मोची और धोबी समेत 11 परम्परागत ट्रेड शामिल थे। इन ट्रेडों में प्रशिक्षण देकर पारम्परिक हुनर को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था।
नए ट्रेडों में मूर्तिकार, मालाकार, भड़भूजा, दूधवाला, मछुआरा, मोबाइल मरम्मत, ऑटोमोबाइल मरम्मत, इलेक्ट्रॉनिक सामान की मरम्मत, विद्युत सामान की मरम्मत, प्लंबर, कम्प्यूटर मरम्मत, सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी और सौंदर्य एवं वेलनेस जैसे कार्य शामिल हैं।
उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 में परम्परागत व्यवसायों के साथ बाजार की वर्तमान मांग को ध्यान में रखते हुए नए ट्रेड शामिल किए गए हैं। चयनित युवाओं को 10 दिन का प्रशिक्षण देकर सम्बंधित कार्य में दक्ष बनाया जाएगा। विभाग का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है ताकि वे अपने हुनर के आधार पर स्थायी आय का साधन तैयार कर सकें। प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को VSSY 2.0 के तहत 10 लाख तक के ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करायी जायेगी।
इनसेट में…
विश्वकर्मा श्रम सम्मान व ओडीओपी के छूटे आवेदकों को अंतिम मौका
मीरजापुर। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत छूटे हुए पात्र आवेदकों को साक्षात्कार का अंतिम अवसर दिया गया है। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत नाई, राजमिस्त्री, कुम्हार, बढ़ई और मोची ट्रेड के आवेदकों तथा ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना के तहत कालीन और पीतल ट्रेड के उन आवेदकों का साक्षात्कार 18 एवं 19 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से होगा, जिन्होंने 15 सितंबर 2026 तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया है और दस्तावेज सत्यापन एवं स्क्रूटनी में पात्र पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित साक्षात्कार में किसी कारणवश अनुपस्थित रह गए आवेदकों को भी 18 एवं 19 सितंबर को उपस्थित होकर साक्षात्कार देने का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। पात्र आवेदकों को जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, कार्यालय उपायुक्त उद्योग, मीरजापुर में साक्षात्कार समिति के समक्ष उपस्थित होना होगा।
आवेदकों को अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, फोटो, बैंक पासबुक, संबंधित प्रमाण-पत्र समेत सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। साक्षात्कार में प्रतिभाग करने वाले पात्र अभ्यर्थियों की सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। उपायुक्त उद्योग ने पात्र आवेदकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।


