News

विश्वनाथ प्रताप सिंह पिछड़ों के असली मसीहा और भारतीय सामाजिक न्याय के प्रतीक: मनोज सिंह ‘डब्लू’

0 वीपी सिंह ने वित्त मंत्री रहते हुए कॉर्पोरेट लूट पर किया था करारा प्रहार: डा. जगदीश सिंह पटेल
0 सामाजिक न्याय मंच के तत्वाधान में धूमधाम से मनाई गई पूर्व पीएम की जयंती
मीरजापुर।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह “वीपी सिंह” की जयंती बुधवार को जिला पंचायत सभागार मिर्जापुर में वीपी सिंह सामाजिक न्याय मंच के तत्वाधान में धूमधाम से मनाई गई। अतिथियों और वक्ताओं ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री वीपी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्रीय योगदान के लिए उन्हें नमन किया। कार्यक्रम आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम देकर के उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने कहाकि वीपी सिंह ने भारत की राजनीति में जिस चेतना और सामाजिक न्याय का बीजारोपण किया है, उसे आने वाली सदियां याद रखेंगी। मंडल आयोग के सिफारिश लागू करने का उनका फैसला इस देश का सबसे साहसिक और क्रांतिकारी निर्णय था। उनके इस निर्णय ने देश की आधी आबादी की जिंदगी बदल दी। भारतीय राजनीति में उनका योगदान अविस्मरणीय एवं अतुलनीय है।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया ने कहाकि वीपी सिंह की मृत्यु के बाद देश के पिछड़े तबके के लोगों ने उन्हें भुला दिया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। जबकि वह सामाजिक न्याय के असली पुरोधा थे। दलित और पिछड़े समाज के लोग उनके सदैव ऋणी रहेंगे।
अध्यक्षता करते हुए पूर्व डईया स्टेट के राजकुमार पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के पौत्र दिवाकर प्रताप सिंह उर्फ कृष्ण भैया ने कहाकि हम सब उनके बताए हुए रास्ते पर चलकर उनके सपनों का भारत बना सकें, यही उनके प्रति हम सभी की तरफ से सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर के चेयरमैन डा जगदीश सिंह पटेल ने कहा कि वीपी सिंह ने वित्त मंत्री रहते हुए कॉर्पोरेट लूट पर करारा प्रहार किया था। उन्होंने ताउम्र भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर कोई भी समझौता नहीं किया। वह समाज में खुशहाली और तरक्की वाली राजनीति के हिमायती थे और वंचितों के प्रति उनके मन में निश्चल भाव था।
मुख्य वक्ता अरुण मिश्रा ने कहा कि उन्होंने गरीबों और वंचितों के अधिकारों की आवाज बनकर देश में नई सामाजिक दिशा दी।
उनकी दूरदर्शिता और जनहित में किए गए कार्य सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे।
अन्य वक्ताओं में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह, दिलीप सिंह गहरवार, राजेश सिंह राष्ट्रवादी आदि लोगों ने भी उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर गहरा प्रकाश डालते हुए भारतीय राजनीति में उनके योगदान पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। संचालन कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट आयुष सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम आयोजक संजय सिंह गहरवार ने किया। प्रमुख रूप से अमित श्रीनेत, शैलेंद्र अग्रहरि, सुभाष सिंह पटेल, डॉक्टर कपिल मौर्या, विनोद सिंह, एडवोकेट अंकित सिंह, जैनेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, हर्षित दुबे, पवन सिंह, अनिल सिंह, मृत्युंजय सिंह, शंकर चौधरी, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, राकेश बिंद अवनीश सिंह, कृष्णा मौर्या, प्रिंस सिंह, विष्णु सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!