ग्राम पंचायत बरकछा कलां में खजुरी नदी के तट पर प्रदेश मा0 जल संसाधन मंत्री ने स्नानघाट का भूमि पूजन कर किया शिलान्यास
मा0 जल संसाधन मंत्री व जन प्रतिनिधिगण ने श्रमदान करने के पश्चात किया वृक्षारोपण
मीरजापुर 29 जून 2025 । ग्राम पंचायत बरकछा कलां खजुरी नदी के तट पर प्रदेश के मा0 मंत्री, सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं जलापूर्ति विभाग श्री स्वतंत्र देव सिंह ने स्नानघाट का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। तत्पश्चात् जल संसाधन मंत्री एवं मा0 विधायक नगर श्री रत्नाकर मिश्र, मा0 विधायक मड़िहान श्री रमाशंकर सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी बृजभूषण सिंह एवं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने स्नान घाट पर खुदाई कर श्रमदान किया। मा0 मंत्री व मा0 विधायकगण के द्वारा नदी के तट पर वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर मा0 सिंचाई मंत्री ने कहा कि जल संरक्षण संकट की बढ़ती आशंका के दृष्टिगत छोटी और मझली नदियांे का जीर्णोद्धार व सफाई अभियान सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल है। इस अभियान के तहत पुराने और लगभग विलुप्त हो चुके जल स्त्रोतों को पुनर्जीवीत करने का अभियान केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा भी चलाया गया है। जल स्त्रोतों के पुनर्जीवीत करने में जन सहभागिता भी आवश्यक है। मा0 मंत्री ने कहा कि खजुरी नदी के जीर्णोद्धार से लगभग 16 ग्राम पंचायतों को सिंचाई व पानी संरक्षण की दिशा में लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि यह नदी 19 किमी की दूरी तय कर गंगा नदी में जाकर मिलती है। नदी की चैड़ाई लगभग 30-60 मीटर है जिसे जीर्णोद्धार अभियान के तहत खुदाई कराया जा रहा है। बरकछा कला में नदी के तट पर स्नान घाट बनने से यहां के लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मवीर सिंह, खण्ड विकास अधिकार मुनीष सिंह सहित अन्य जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहें।



