News

गुरु अपने ज्ञान चेतना से शिष्य की बुद्धि को चैतन्य पूर्ण करके जीवन को सार्थक कर देते हैं: जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन

0 डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में गुरु वंदना एवं 9 कुंडीय गायत्री यज्ञ का आयोजन
मीरजापुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नगर के विजयपुरा भटौली रोड स्थित डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में गुरु वंदना एवं 9 कुंडीय गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, विद्यालय के चेयरमैन दिनेश चन्द्र सर्राफ, डायरेक्टर आयुष कुमार सर्राफ एवं डायरेक्टर प्रीती सर्राफ ने विद्यालय परिवार के समस्त अध्यापिकाओं व विद्यार्थियों संग देव आवाहन, सप्तऋषि को नमन करते हुए कलश स्थापना व दीप प्रज्ज्वलन के साथ आयोजन को प्रारम्भ किया।
देव सत्ता, गुरु सत्ता का ध्यान एवं विधिवत पूजन के बाद यज्ञ आरम्भ किया गया जिसमें जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के संग विद्यालय परिवार के समस्त लोगों ने यज्ञ में गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं सूर्य मंत्र से आहुति दी। उपस्थित सभी लोगों द्वारा एक साथ मंत्रोच्चारण से यज्ञ स्थल पर अलौकिक अनुभूति हुई। पूर्णाहुति करते हुए सभी ने आह्वाहित देव सत्ता को क्षमा प्रार्थना के साथ विदाई दी एवं यज्ञ के बाद दान स्वरुप एक बुराई छोड़ने का संकल्प लिया। यज्ञ के बाद विद्यार्थियों एवं अध्यापिकाओं ने सम्पूर्ण जगत को अपने प्रकाश से आलोकित करने वाले सूर्य देव को गायत्री मंत्र के साथ जल अर्पित किया। बच्चों ने अपने शैक्षिक गुरुओं का तिलक, माल्यार्पण एवं आरती करके भारतीय संस्कृति के अनुसार उनके प्रति सम्मान प्रकट किया एवं गुरु को नमन करते हुए उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में बच्चों को गुरु के महत्व के बारे में समझाते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा बताया गया कि जिस प्रकार सूर्य अपनी उपस्थिति से सम्पूर्ण जगत के अंधकार को हर लेते हैं और प्रकाशित आलोकित कर देते हैं ठीक उसी प्रकार गुरु अपने ज्ञान चेतना से शिष्य की बुद्धि को चैतन्य पूर्ण करके जीवन को सार्थक कर देते हैं। पर जैसे प्रकाश की उपस्थिति में भी संसार का अनुभव करने के लिए अपनी आंखों को खोले रखना आवश्यक है ठीक उसी प्रकार गुरु द्वारा दिए गए ज्ञान से जीवन को उत्कृष्ठ बनाने के लिए उनके प्रति समर्पण करके ध्यान पूर्वक उनके द्वारा बताई गई बातों का अनुसरण करना आवश्यक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रथम गुरु अपने माता पिता के महत्व एवं उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझाया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु एवं ज्ञान का महत्व समझकर विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य पथ पर अडिग होकर चलते रहने की प्रेरणा के साथ सभी विद्यार्थियों ने एक स्वर में “अंधकार कितना भी हो पर सूरज कभी न हारा है, हम युग का निर्माण करेंगे यह संकल्प हमारा है” का उदघोष किया।
इस अवसर पर आकांक्षा गुप्ता, साधना तिवारी, अमृता सिंह, दीक्षा रावत, अनन्या सेठ, वैष्णवी गुप्ता, देव नारायण शर्मा, उषा शर्मा, घनश्याम पांडेय, इंदुमती मिश्रा, साक्षी शुक्ला, आराधना, सौम्या, विष्णुकांति, आस्था, रवि यादव, महेंद्र गुप्ता आदि लोग उपस्थित थे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!