विमलेश अग्रहरि, मीरजापुर।
शुक्रवार को घनश्याम बिनानी अकादमी ऑफ मैनेजमेंट साइंस में रक्षाबंधन का भव्य आयोजन इस वर्ष विशेष थीम “बंधन बियॉन्ड ब्लड” के अंतर्गत किया गया। आयोजन का उद्देश्य रक्त संबंधों से परे प्रेम, सम्मान और संरक्षण के पवित्र बंधनों का उत्सव मनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत सत्यनारायण कथा और दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति और श्रद्धा से भर दिया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जिनका संचालन (एंकरिंग) बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं श्रेय़ा और आयुष ने किया।
भावपूर्ण माहौल में प्रज्ञा और सना (बीबीए द्वितीय वर्ष) ने रक्षाबंधन के रिश्ते पर आधारित कविता का सुंदर पाठ किया। इसके पश्चात महाभारत के कृष्ण और द्रौपदी प्रसंग का सजीव मंचन स्तुति, गौरव, एम.डी. कैफ और आर्यन (बीबीए द्वितीय वर्ष) द्वारा किया गया, जिसका नैरेशन उज्वला और आयुष ने किया। यह प्रस्तुति भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ हर उस बंधन की महत्ता को दर्शाती रही जो विश्वास और सुरक्षा पर आधारित है।
कार्यक्रम में जोश और उल्लास से भरपूर नृत्य प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनमें कृतिका, मिंहा, स्तुति, आनंद, गौरव, संदीप और आर्यन ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर घनश्याम बिनानी संस्थान के निदेशक प्रो डॉ जीशान अमीर, सुश्री सरिका श्रीवास्तव, प्रमुख प्रशासक, सर्वेश कुमार, अक्षत जैन, मनीष श्रीवास्तव, सुश्री साक्षी श्रीवास्तव,सुश्री सिद्रा आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे।
निदेशक प्रो. डॉ. जीशान अमीर ने अपने संबोधन में कहा, “रक्षाबंधन केवल भाई-बहन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर उस रिश्ते का पर्व है जिसमें सुरक्षा, विश्वास और अपनापन निहित है।” कार्यक्रम का समापन भाईचारे, प्रेम और मानवीय मूल्यों के संदेश के साथ हुआ।



