स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर नपाध्यक्ष के नेतृत्व में शहर मे निकली तिरंगा यात्रा
मीरजापुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुन्दर केशरी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा नगर के सिटी क्लब से निकाली गई। हर घर तिरंगा अभियान को जन जन तक पहुंचाने के लिए सिटी क्लब से निकली यात्रा विभिन्न मार्गो से होते हुए घंटाघर पहुंची, जहा यात्रा का समापन किया गया।
बता दे इस तिरंगा संदेश यात्रा में नपाध्यक्ष ने सिटी क्लब में तिरंगा फहराकर यात्रा का शुभारंभ किया तथा यात्रा की अगुवाई स्वयं करते हुए हाथो में झंडा लेकर नारा लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा में कई लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेकर पूरे उत्साह के साथ भारत माता जय के नारे भी लगाए। इस मौके पर नपाध्यक्ष ने कहा की हर घर तिरंगा को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमे बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस यात्रा का उद्देश्य आम जनमानस में राष्ट्रीयता के भाव को ओतप्रोत करना है जिससे आगामी 79वे स्वतंत्रता दिवस के दिन नगर के प्रत्येक घर पर तिरंगा झंडा फहराया जा सके। तिरंगा हमारी जान है, शान है और पहचान है।हमें स्वतंत्रता दिवस पर भारत माता की शान में अपने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर एक तिरंगा लगाना होगा।
इस मौके पर वार्डो के सभासद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ईओ जी लाल अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।



