डॉक्टर भारत का दिल है, तो फ़ार्मासिस्ट भारत की धड़कन: डा. जगदीश सिंह पटेल
0 सरदार पटेल हास्पिटल मडिहान मे धूमधाम से मनाया फार्मासिस्ट दिवस
फोटोसहित
मीरजापुर।
भारत रत्न सरदार पटेल हास्पिटल मडिहान मे फार्मासिस्ट दिवस धूमधाम से मनाया गया। हास्पिटल के चेयरमैन एवं जिला सहकारी बैंक मीरजापुर सोनभद्र के चेयरमैन डा जगदीश सिंह पटेल ने मा सरस्वती के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
फ़ार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर उन्होने कहाकि यह दिन केवल एक जश्न का दिन नहीं है, बल्कि यह हमें हमारे समाज और स्वास्थ्य व्यवस्था में फ़ार्मासिस्टों की भूमिका पर गहराई से सोचने का अवसर देता है।
स्वास्थ्य का प्रहरी फ़ार्मासिस्ट वह योद्धा है, जो बीमारियों से लड़ने के लिए सही दवा और सही मार्गदर्शन देकर हमारी रक्षा करता है। वह केवल दवा बेचने वाला नहीं, बल्कि स्वास्थ्य विज्ञान और मानवीय सेवा का संगम है। अस्पताल हो, ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र हो या शहरी क्लिनिक, हर जगह फ़ार्मासिस्ट की भूमिका अनिवार्य है।
उन्होने कहाकि डॉक्टर इलाज बताते हैं, लेकिन फ़ार्मासिस्ट उस इलाज को सुरक्षित रूप से मरीज तक पहुँचाते हैं। वे जनता को बताते हैं कि दवाइयाँ कैसे लें, कब लें, और किन सावधानियों का पालन करें। नई बीमारियों के समय दवा निर्माण और परीक्षण में फ़ार्मासिस्ट अहम योगदान देते हैं। आम नागरिक की पहुँच सबसे पहले डॉक्टर तक नहीं, बल्कि नज़दीकी फ़ार्मेसी तक होती है। वहाँ फ़ार्मासिस्ट ही हमें मार्ग दिखाता है। सरकार की योजनाएँ जैसे टीकाकरण, सस्ती दवा वितरण, जन औषधि केंद्र – इन सबमें फ़ार्मासिस्ट की केंद्रीय भूमिका है।
कहाकि हमें फ़ार्मासिस्टों का सम्मान करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी इस पेशे को गर्व से अपनाएँ। अगर डॉक्टर भारत का दिल है, तो फ़ार्मासिस्ट भारत की धड़कन हैं। मिलकर हम सब “स्वस्थ भारत, समर्थ भारत” का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होने उपस्थित स्टाफ को संकल्प दिलाया कि फ़ार्मासिस्टों को उनका उचित सम्मान देंगे, उनकी समस्याओं को समझेंगे और उन्हें हमारे राष्ट्र निर्माण के सच्चे भागीदार बनाएँगे।



