News

पटाखों का भंडारण और पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित व सुरक्षित स्थानों पर ही करें: जिलाधिकारी

0 जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों के साथ बैठक कर दिया दिशा-निर्देश

मीरजापुर। दीपावली के मौके पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों के पदाधिकारियों साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत पटाखों की बिक्री व भंडारण केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही करें।

उन्होंने कहा कि पटाखा बेचने व भंडारण के लिए नियमानुसार अनुमति/लाईसेंस अवश्य प्राप्त कर लें, बिना लाइसेंस के पटाखे बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अग्निशमन व्यवस्था के दृष्टिगत पटाखा दुकानों और गोदामों में आग बुझाने वाले उपकरण, पानी और रेत की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को शुद्ध और सही सामान मिल सके।

कहा दुकानदार स्वयं गुणवत्तापूर्ण सामग्री का प्रयोग करते हुए उपभोक्ताओं को भी सही सामान दें। सभी सर्राफा व अन्य दुकानदारो से अपील की गई कि अपने दुकान में व दुकान के सामने सी0सी0टी0वी0 कैमरा चालू हालत में अवश्य लगाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बाजारों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा, जिसमें सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे।

यातायात प्रबंधन के बारे में बताया कि बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जाम की स्थिति न बने। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने में सहयोग करने की अपील की है। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल मनीष कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी यातायात शिखा भारती, व्यापारी मोहन दास अग्रवाल, गौरव उमर, अमित श्रीनेत्र सहित अन्य प्रतिष्ठान के पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!