0 जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा कर प्रगति के बारे में ली जानकारी
0 विधायक मड़िहान व जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं खंड विकास अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मीरजापुर .
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक आहूत की गई। डिजिटल क्राप सर्वे (ई-खसरा पड़ताल) के प्रगति की समीक्षा में प्रदेश के 353 तहसीलों में जनपद मीरजापुर के तहसील सदर को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में जनपद में डिजिटल क्राप सर्वे (ई-खसरा पड़ताल) में अच्छा कार्य करने वाले उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं खंड विकास अधिकारी को विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व लेखपालों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक दिन काम से कम पांच पांच फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करें और इसकी मॉनिटरिंग तहसील स्तर पर क्लस्टर नामित कर राजस्व निरीक्षक के माध्यम से समीक्षा की जाए तथा इसकी गूगल सीट भी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के साथ ही साथ लेखपाल रियल टाइम खतौनी कार्य पूर्ण करे।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायतो में पंचायत सहायक के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि कम से कम पांच पांच फार्मर रजिस्ट्री प्रत्येक दिन बनाए तथा इसकी समीक्षा सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं सहायक विकास अधिकारी कृषि को नोडल अधिकारी नामित करते हुए प्रत्येक दिन समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराए। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों ध्कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक दिन 25-25 फॉर्मर रजिस्ट्री बनवाया जाए।
जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर तहसीलदार तथा ब्लाकों पर खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, सहायक विकास अधिकारी कृषि दैनिक प्रगति रिपोर्ट अपर जिलाधिकारी भू राजस्व एवं उप निदेशक कृषि के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष दैनिक रूप से प्रस्तुत करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, उपनिदेशक कृषि विकेश पटेल, सभी खण्ड विकास अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



