अहरौरा, मीरजापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मगन दीवाना पहाड़ी कंचनपुर के समीप पत्थर खदान में पोकलेन के धक्के से खदान के मुंशी की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह गांव मुबारकपुर थाना चकिया जनपद चंदौली निवासी जय हिंद यादव उर्फ गोलू पुत्र मुन्ना यादव (30) वर्ष खदान पर निगरानी करने जा रहा था तभी पोकलेन के धक्के से उसकी मौत हो गई।
परिजन व ग्रामीणों ने शव को रखकर घंटों हंगामा करते रहे। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन संचालक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। हंगामे की सूचना पर एसएसपी सोमेन बर्मा, उपजिलाधिकारी चुनार राजेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी चुनार मंजरी राव सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने बुझाने में जुटे रहे। घंटों समझाने बुझाने के बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए मीरजापुर भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि खदान संचालक द्वारा उक्त खदान को जहां मृतक की पोकलेन की चपेट में आने से मौत हुई है, शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी सुश्मिता यादव के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।



