*अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर विकास भवन में दिव्यांगों को वितरित किया गया उपकरण*
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम सम्पन्न
*05 ट्राइसाईकिल ,06 व्हील चेयर ,01 स्मार्ट केन पाकर दिव्यांगों ने भरी हौसलों की उड़ान*
भदोही 03 दिसंबर 2025/
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जनपद में दिव्यांगजन सशक्तिकरण हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना, उनके मनोबल को बढ़ाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
इसी क्रम में विकास भवन सभागार में एक विशेष वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मा० जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने उपस्थित दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिव्यांगजन हितार्थ चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसमें 05 ट्राइसाईकिल ,06 व्हील चेयर ,01 स्मार्ट केन का वितरण किया गया, जिससे दिव्यांगजनों को स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने कहा कि शासन की मंशानुरूप जनपद में दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजन पहचान एवं सहायता से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
कार्यक्रम में ज्ञान प्रकाश जिला विकास अधिकारी, शत्रुधन कन्नौजिया जिला प्रोबेशन अधिकारी , शशिकान्त प्रसाद जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कर्मचारी, लाभार्थी तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को सम्मानपूर्वक प्रमाणपत्र एवं प्रोत्साहन सामग्री प्रदान की गई।



