मीरजापुर।
जनपद में नागरिक सुरक्षा विभाग का 63वां स्थापना दिवस देवर्षी नगर स्थित नागरिक सुरक्षा के कैम्प कार्यालय में मनाया गया। शुभारंभ अपर जिलाधिकारी एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा अजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने विभाग के सभी वार्डेन, पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई।
प्रभारी चीफ वार्डेन मधुलिका सिंह ने गृह मंत्री भारत सरकार, महानिदेशक नागरिक सुरक्षा भारत सरकार और निदेशक नागरिक सुरक्षा उत्तर प्रदेश के संदेशों का वाचन किया। इसके बाद अपर जिलाधिकारी एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा ने वर्ष भर के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहाकि संगठन के सदस्यों में दल भावना का संचार करने तथा आम जनता के समक्ष संगठन की भूमिका को उजागर करने के लिए , 6 दिसंबर को पूरे देश में नागरिक सुरक्षा वार्षिक स्थापना दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय पर्वों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस व प्रशासन को सहयोग दिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल, यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे आपदा बचाव अभ्यासों में भी सक्रिय रूप से भाग लिया है।
अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने नागरिक सुरक्षा संगठन की सराहना करते हुए कहाकि स्वयंसेवक बिना किसी लोभ-लालच के जनसेवा में तत्पर रहते हैं। संचालन एडिशनल चीफ वार्डन शैलेन्द्र अग्रहरि ने किया। फायर विभाग ने इस दौरान फायर डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से फायर फाइटर तैयार किये जाने के लिए ट्रेनिंग दिया।
डॉ. संतोष सिंह, अतिन गुप्ता, अविनाश श्रीवास्तव, कन्हैया तिवारी, चंद्र भूषण, उमेश तिवारी, अमित श्रीनेत, धीरज, मयंक पाण्डेय, नागेश कुमार, पवन सिंह, मुकेश साहू, हेमंत सिंह, योगेश तिवारी, अंकित, हिमांशु, ज्ञान चंद गुप्ता सहित दर्जनों कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।



