मीरजापुर। मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी 2025-26 के तहत खादी एवं स्वावलंबन उत्सव का भव्य आयोजन बी0एल0जे0 ग्राउंड, महुअरिया मे किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या, चेयरमैन सहकारिता डॉ. जगदीश सिंह पटेल, नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने फीता काटकर व दीप प्रज्जवलन कर किया गया।
उद्घाटन के पश्चात जनप्रतिनिधियों ने स्वदेशी निर्मित खादी वस्त्रों तथा ग्रामोद्योग आधारित विभिन्न उत्पादों की स्टालों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में खादी से बने आधुनिक वस्त्र, कुर्ता, जैकेट, साड़ी, सूटकेस साथ-साथ पश्मीना शाल, सूती कपड़े, मिट्टी के बर्तन, धूप-अगरबत्ती, डिटर्जेंट, ब्लैक पाटरी, लकड़ी के शिल्प तथा अन्य स्थानीय ग्रामीण उत्पाद को भी देखा।
विधायक नगर ने अपने सम्बोधन में खादी के कपड़े पहनें और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए लोगो को प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों और हस्तशिल्पियों को अपनी कलाकृतियों और उत्पादों का प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया यह भी कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना और क्षेत्रीय ग्रामीण उद्योगों को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक इस प्रदर्शनी में पधारें और खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों और बुनकरों के जीवन स्तर को उठाने में सहयोग करें।
विधायक मड़िहान ने अपने सम्बोधन में कहा कि खादी और ग्रामोद्योग भारत की सांस्कृतिक पहचान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में लगे सभी उत्पाद न केवल स्वदेशी कारीगरी की उत्कृष्टता को दर्शाते हैं, बल्कि स्थानीय कारीगरों की लगन, मेहनत और कौशल का जीवंत प्रमाण भी हैं। श्री पटेल ने बताया कि आज खादी आधुनिक परिधान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है और युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खादी एवं ग्रामोद्योग को दिए जा रहे प्रोत्साहन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेशभर में आयोजित हो रही प्रदर्शनियाँ और मेले स्वावलंबन एवं वोकल फार लोकल की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देते हैं और कारीगरों को नए बाजार उपलब्ध कराते हैं।
विधायक मझवां ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारा भारत वर्ष गांव का देश है और देश का दिल गांव में ही धड़कता है जब गांव में स्वाबलम्बन होगा तो निश्चित ही देश आगे बढ़ेगा। उसी के तहत आज सरकार भी पूरे तरीके से प्रकार से हमारे गांव के लोग पलायन न करे और वहीं पर उन्हें कुटीर उद्योग, खादी ग्रामोद्योग के रूप में माटी कला बोर्ड से लेकर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वे वहीं स्वाबलम्बी हो और उन्हें एक अच्छा प्लेटफार्म मिले कि आगे अपना जीवन यापन अच्छा कर सकें।
उन्होंने कहा कि विभिन्न जगहो से प्रदर्शनी हो लेकर आए है और निश्चित तौर पर एक हुनर कला को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी लगाई हैं। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार व खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश सिंह ने जनप्रतिनिधिगणो को अंगवस्त्रत व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत व अभिन्नदन किया गया।
अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुन्दर केसरी, चेयरमैन सहकारिता डॉ. जगदीश सिंह पटेल, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने भी जनपदवासियों से अपील की कि प्रदर्शनी बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग करते हुए खरीददारी करते हुए सफल बनाए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियो ने मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना में वित्त पोषित लाभार्थियों को निशुल्क 03 अदद पग मिल मशीन एवं पापकार्न मेकिंग मशीन वितरण हेतु चयनित लाभार्थियों को 08 अदद निशुल्क पापकार्न मेकिंग मशीन वितरित किया गया। इस अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी वाराणसी यू0पी0 सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख नरायनपुर अनमोल सिंह उपस्थित रहें।



