News

स्थापना दिवस पर मजदूर परिवारों संग खुशियाँ बाँटकर विवि ने रचा मानवीय संवेदना का नया अध्याय

मीरजापुर।
माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर ने आज अपना द्वितीय स्थापना दिवस गरिमा, उत्साह और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत निर्माणाधीन मुख्य परिसर में कुलपति प्रो. शोभा गौड़ द्वारा वहाँ कार्यरत मजदूर भाइयों-बहनों और उनके परिवारों के साथ उत्सव साझा करने से हुई।

कुलपति प्रो. गौड़ ने विश्वविद्यालय के निर्माण में लगे श्रमिकों के योगदान को “अमूल्य और अविस्मरणीय” बताते हुए कहाकि किसी भी संस्थान की मजबूत नींव उसके निर्माणकर्ताओं के परिश्रम पर ही आधारित होती है। इस अवसर पर स्थल पर उपस्थित लगभग 40 बच्चों को मिष्ठान, फल एवं पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

कुलपति ने परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के अगले चरण में कुलपति प्रो. गौड़ ने निर्माण कार्य में दिन-रात लगी महिला श्रमिकों का विशेष रूप से सम्मान किया। उन्होंने उनके समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए पुष्पवर्षा की तथा उनसे आत्मीय संवाद भी किया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान इन्हीं मातृ शक्तियों के श्रम और संकल्प से आकार ले रही है।
स्थापना दिवस का यह आयोजन न केवल उत्सव का प्रतीक रहा बल्कि विश्वविद्यालय की मानवता, संवेदना और सामाजिक प्रतिबद्धता का भी संदेश देता है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!