मीरजापुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के पत्र 10 दिसम्बर 2025 के द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) 2025-26 के अन्तर्गत घर-घर गणना प्रपत्रों के एकत्रीकरण के समय यदि किसी अर्ह निर्वाचक का नाम वर्ष-2025 की निर्वाचक नामावली में न होने के कारण गणना प्रपत्र उन्हें प्राप्त नहीं हुए हैं, तो ऐसी दशा में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा उन्हें फार्म-6 के साथ अनुलग्नक-4 उपलब्ध कराते हुये सम्बन्धित अर्ह निर्वाचकों का नाम सम्मिलित कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
उक्त के अतिरिक्त युवा वर्ग के जो निर्वाचक 18 वर्ष की अर्हक आयु दिनांक 01.01.2026 को पूर्ण कर रहे हैं या पूर्ण कर चुके हैं, ऐसे निर्वाचकों के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित करने हेतु फार्म-6 के साथ अनुलग्नक-4 (घोषण पत्र) भरकर सम्बन्धित निर्वाचक अपने बूथ लेवल अधिकारियों/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध करा सकते हैं। ऐसे सभी अर्ह मतदाता जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में किसी कारण से नहीं है उनसे अपेक्षा है कि उपरोक्तानुसार फार्म 6 एवं घोषणा पत्र भरकर शीघ्र अपने बी.एल.ओ. को अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा कर दें।
17 दिसंबर को जिला पंचायत सभागार में आयोजित होगा पेंशनर दिवस
मुख्य कोषाधिकारी अर्चना त्रिपाठी ने एक विज्ञप्ति के माध्यम में जानकारी देते हुए बताया है कि समस्त सम्मानित पेंशनरो को सूचित किया जाता है, कि वित्त विभाग की विज्ञप्ति दिनांक 24 जून 2015 एवं शासनादेश दिनांक 26 नवम्बर 2025 के अनुपालन में जिलाधिकारी मीरजापुर के आदेश दिनांक 06.12.2025 के क्रम पेंशनर दिवस का आयोजन 17.12.2025 को जिला पंचायत सभागार मीरजापुर में पूर्वान्ह 11:00 बजे से सुनिश्चित किया गया है। साथ ही जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालयों से सम्बन्धित पेंशनरों की समस्याओं को त्वरित निस्तारण के लिए स्वयं प्रतिभाग किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है, जिससे मौके पर ही निस्तारण योग्य प्रत्यावेदनो को निस्तारित किया जा सके।



