मीरजापुर। अगामी 26 दिसम्बर 2025 से 29 दिसम्बर 2025 तक चलने वाले कंतित शरीफ मेला को शान्तिपूर्ण व सकुशल ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार मे मेला से सम्बन्धित अधिकारियो एवं मैनेजमेंट कमेटी वक्फ नम्बर-42 के पदाधिकारियो के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को कंतित मेला परिसर व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विन्ध्याचल में समुचित चिकित्सीय व्यवस्था, मेला मे एलोपैथिक, होम्पयोपैथिक, आयूर्वेदिक चिकित्सा शिविर, चिकित्सको व अन्य स्टाफ की 24 घण्टे शिफ्टवार ड्यूटी आवश्यक औषधियोे के साथ, एम्बुलेंस व्यवस्था, शुद्ध जलापूर्ति की चेकिंग आदि व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर व जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि मेला के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रो मे सफाई व्यवस्था, पेयजल, रैन बसेरा, गलियो की मरम्मत, टैंकर की स्थायी जलापूर्ति नलो की टोटियो आदि की मरम्मत हैण्डपम्पो की मरम्मत तथा थानाध्यक्ष विन्ध्याचल से समन्वय स्थापित करते हुए बैरीकेटिंग व पार्किंग तथा गंगा किनारे से लेकर मजार परिसर के समीप तक अस्थायी प्रकाश व्यवस्था ससमय कराना सुनिश्चित कराए।
विद्युत विभाग के अधिकारियो को निर्देशित किया गया कि पूरे मेला क्षेत्र, मजार परिसर गलियो में ढीले तारो पर सूखे बांस की पट्टी बनवाना, 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति अस्थायी ट्रांसफार्मर की व्यवस्था, लो वोल्टेज की सघन जांच अधिकारियो की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित कराए। यह भी कहा कि अस्थायी दुकानदारो के द्वारा विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन कराया जाए तथा उनका थाना विन्ध्याचल से सत्यापन कराने के बाद कनेक्शन दिया जाए। यह भी सुनिश्चित करे कि कही भी असुरक्षित वायरिंग न रहे। जिला पूर्ति अधिकारी खाद्य सामाग्रियो की उपलब्धता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पशुओ आवारा पशुओ की रोकथाम तथा वरिष्ठ निरीक्षक बाटमाप, प्रभारी सुलभ इण्टर नेशनल, सचिव मण्डी समिति व दुग्ध विकास अधिकारी को क्रमशः मेला क्षेत्र की दुकानो पर सड़े गले खाद्य पदार्थो की चेकिंग, बाट माप का निरीक्षण, सुलभ शौचालयो का संचालन व रेट लिस्ट, मेला क्षेत्र मे ताजा फल सब्जी उपलब्धता तथा दुग्ध से निर्मित खाद्य पदार्थो की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी नकली खोवा व पनीर सड़े गले फल आदि न बिकने पाए।
खाद्य सामाग्री खुले में रखा जाए। रोडवेज व रेलवे विन्ध्याचल पर पर्याप्त साफ सफाई, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बसो का संचालन, रैन बसेरा, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था हेतु तथा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को कंतित के कच्चा घाट पर दो मोटरबोट व गोताखोर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष/सचिव मैनेजमेंट कमेटी वक्फ नम्बर-42 को नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका समन्वय स्थापित करते हुए मेला परिसर मे दुकानो का आवंटन, मजार की व्यवस्था, मजार की विद्युत सजावट ध्वनि विस्तारक यंत्र, खोया पाया शिविर, प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था कराए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी को मेला क्षेत्र के 05 किलोमीटर पहले ओवरलोड वाहनो की चेकिंग एवं अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड व जल निगम अभाव शाखा को मेला की तरफ जाने वाली सड़को की मरम्मत व मेला क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष विन्ध्याचल को निर्देशित किया गया कि अपनी देखेरखे में यथास्थान बैरीकेटिंग, भीड़ एवं वाहनो के नियंत्रण हेतु बैरियर लगाया जाना, वाहनो को वाहन स्टैण्डो में खड़ा कराया जाना, पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था, कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजार सहित पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध कराना तथा मेला मजार परिसर मे कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मेला पूर्व सभी कार्य/तैयारी कराना सुनिश्चित कराएं। बैठक मे अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 देवेन्द्र प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित सभी सम्बन्धित अधिकारी व मेला मैनेजमेंट कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहें।



