मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड से संबंधित पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना की जिला स्तरीय क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक आयुक्त सहकारिता अमित कुमार पाण्डेय द्वारा पैक्स कम्प्यूटरीकरण की प्रगति पर एजेंडा वार जानकारी प्रस्तुत की गई।
अवगत कराया गया कि प्रथम एवं द्वितीय चरण की कुल 60 समितियों में से 30 समितियों का वाई0ई0पी0 एवं सिस्टम आडिट पूर्ण हो चुका है तथा 12 समितियाँ डायनेमिक डे-एंड पर कार्यरत हैं। डेटा एंट्री एवं बैलेंस शीट मिलान के दौरान पाई गई अंतर की धनराशि को पार्किंग खाते में रखा गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कम्प्यूटरीकरण कार्य सतत जारी रखा जाए, साथ ही पार्किंग खाते की राशि की जांच हेतु जिला सहकारी बैंक के प्रबंधकों की टीम गठित कर चरणबद्ध रूप से सत्यापन कराया जाए। पहले माह में प्रथम चरण तथा अगले माह में द्वितीय चरण की समितियों की जांच पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राज कुमार यादव, बीएसएनएल के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



