मीरजापुर। जिले के चुनार थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपने पड़ोसी की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी इसके बाद खुद भी सुसाइड कर लिया। दोनों शव एक दूसरे से 100 मीटर की दूरी पर मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।
एएसपी ऑपरेशन मनीष मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस लौहरा गांव पहुंची कर जांच पड़ताल की। प्रेमलाल व कंतलाल दोनों पड़ोसी थे, जो कई वर्षों से साथ में रहते थे। इनके बीच किसी बात को लेकर आपस में अनबन हुई।
सोनभद्र के घोरावल का रहने वाला प्रेमलाल और झारखंड का रहने वाला कंतलाल कई सालों से एक साथ रहकर खेती करते थे। मंगलवार सुबह प्रेमलाल शौच के लिए गया था। झरि नगरी नाले के पास घात लगाए कंतलाल ने धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे प्रेमलाल की मौत हो गई।
इसके बाद कंतलाल ने 100 मीटर की दूरी पर जाकर उसी धारदार हथियार से आत्महत्या कर लिया। ग्रामीणों ने दोनों शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज कर जांच में जुट गई है।
पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) मनीष कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए बताया कि कंतलाल ने प्रेमलाल की हत्या की है। इसके बाद खुद भी सुसाइड कर लिया। दोनों कई साल से एक साथ रहते थे। किसी बात को लेकर दोनों में अनबन हुआ था। फिलहाल प्रेमलाल के बेटे गुलाब की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।



