मिर्जापुर। मध्य प्रदेश के कटनी जिले की रहने वाली प्राची सोनी बुधवार को कटरा कोतवाली पहुंची और कोतवाल से मुलाकात कर गंभीर आरोप लगाया। प्राची सोनी का कहना रहा कि उसके पति के सोशल मीडिया अकाउंट का दुरुपयोग कर न सिर्फ उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, बल्कि उसके माता-पिता को बदनाम करने की साजिश भी रची जा रही है।
पीड़िता ने मांग की कि उसके पति का मोबाइल फोन तत्काल पुलिस अपने कब्जे में लेकर तकनीकी जांच कराए तथा गलत तरीके से सामाजिक क्षति पहुंचाने और मानसिक उत्पीड़न देने के आरोप में उसकी सास व देवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्राची सोनी ने बताया कि उसकी शिकायत पर 18 अगस्त 2025 को कटरा कोतवाली में विजय सोनी, महेश सोनी और सुनीता सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता/भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। दर्ज मुकदमे में धारा 291, 85, 352, 351(3), 103(1) सहित अन्य धाराएं लगाई गई हैं।
इनमें धारा 103(1) (गंभीर आपराधिक कृत्य), धारा 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी) और धारा 291 जैसी धाराएं मामले को गंभीर बनाती हैं, जो गैर-जमानती प्रकृति की मानी जाती हैं। इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पत्रकार वार्ता के दौरान प्राची सोनी ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत उपरोक्त तीनों ने मिलकर की है, लेकिन पुलिस अभी भी आरोपियों की गिरफ्तारी से बच रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि बुधवार को प्राची सोनी अपनी मां, बच्चे और पति के साथ थाने पहुंची थी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने जांच जारी होने और किसी भी दोषी को न बख्शने का भरोसा दिलाया है।



