मीरजापुर। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने सोमवार को नगर के डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित पत्रकार वार्ता में ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि यह योजना पूरी तरह से किसान, मजदूर और गांव के विकास के लिए बनाई गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार का समूल नाश करना है।
मंत्री नंदी ने दावा किया कि देशभर के वास्तविक किसान, किसान संगठन और खेती-किसानी से सीधे जुड़े लोग इस योजना का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उन तथाकथित किसान नेताओं या “किसानों के ठेकेदारों” की बात नहीं कर रही, जो केवल राजनीति करते हैं। सरकार की प्राथमिकता उन किसानों के हितों की रक्षा करना है, जो वास्तव में खेतों में मेहनत करते हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए नंद गोपाल नंदी ने कहाकि विपक्ष को राम का नाम लेते ही बौखलाहट होने लगती है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यदि इस विधेयक का नाम “अस्सलाम वालेकुम” या “अस्सलाम” जैसा कुछ होता, तो शायद विपक्ष इसका विरोध नहीं करता। लेकिन चूंकि इस योजना का नाम ‘विकसित भारत-जी राम जी’ है, इसलिए विपक्ष केवल नाम के कारण विरोध कर रहा है।
महंगाई और पारिश्रमिक बढ़ाने से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि जो लोग वास्तव में गांव और ग्रामीण विकास के लिए काम करते हैं, वे इस तरह की बातें नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग “आधा मेरा-आधा तुम्हारा” की मानसिकता रखते हैं, वही इस प्रकार के बयान देते हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार गांव, पंचायत और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ा रही है।
पत्रकार वार्ता के दौरान नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र, मझवा विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृज भूषण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया, नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



