News

लघु और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा की गई है अनेक पहल: केन्द्रीय राज्य मंत्री

0 उद्यमी अब केवल कच्चा माल बेचने तक सीमित नहीं, बल्कि वे किसानों की उपज को प्रसंस्करण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग के माध्यम से दिला रहे हैं नए बाजार और नई पहचान: अनुप्रिया पटेल

0 नीलम फूड प्रोडक्ट्स स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करते हुए युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का अवसर देने व पलायन जैसी समस्याओं को कम करने में होगी सहायक सिद्ध

0 स्थानीय उत्पाद जब गुणवत्ता और विश्वास के साथ बाजार में आते हैं, तो वे न केवल प्रदेश की पहचान बनते हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी करते हैं सुदृढ़
मीरजापुर। जनपद के मड़िहान केदेवरी कला में नीलम फूड प्रोडक्ट्स व किसान गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन केन्द्रीय राज्यमंत्री भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व रसायन उर्वरक अनुप्रिया पटेल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ केन्द्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व रसायन उर्वरक ने फीता काट कर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रबंधक निदेशक अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक जगदीश सिंह पटेल, सह प्रबंधक निर्देशक ब्लॉक प्रमुख गजेंद्र प्रताप सिंह, उप प्रबंधक निर्देशक श्रीमती नीलम सिंह आदि ने मां विंध्यवासिनी का चित्र व पुष्प गुच्छ तथा मोमेंटो भेंट कर केन्द्रीय राज्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर निदेशक उद्यान बीपी राम जी, वरिष्ठ भाजपा नेता लाल बहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा बृजभूषण सिंह, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिंद, बीएचयू प्रोफेसर राम सिंह, राष्ट्रीय सचिव व्यापार मंच रमेश पटेल, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल, राष्ट्रीय सचिव चिकित्सा मंच डॉक्टर एसपी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह, मेजर कृपा शंकर सिंह, उप निदेशक कृषि विकेश पटेल, योगेंद्र पाल सिंह, जिला कृषि अधिकारी अवधेश यादव सहित भाजपा और अपना दल के पदाधिकारी उपस्थित रहें।
 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मीरजापुर की इस ऐतिहासिक धरती पर नीलम फूड प्रोडक्ट्स के उद्घाटन के इस शुभ अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता और आत्मिक संतोष का अनुभव हो रहा है। एक जनप्रतिनिधि के रूप में, ऐसे आयोजनों में सम्मिलित होना मेरे लिए विशेष गर्व का विषय होता है, क्योंकि यह केवल एक उद्योग का शुभारंभ नहीं, बल्कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हमारे किसान भाइयों को कई बार ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जब उत्पादन तो बहुत अधिक हो जाता है, लेकिन बाजार भाव गिर जाते हैं। बाहर से खरीदने वाले व्यापारी भी अपनी मनमर्जी से उत्पाद का मूल्य निर्धारित करते हैं और किसान मजबूर होकर अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हो जाता है। यह स्थिति लंबे समय से कृषि क्षेत्र की एक बड़ी चुनौती रही है।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से ही संभव है। जब कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण कर उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखा जाता है, तो किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलता है और बाजार के उतार-चढ़ाव से होने वाला नुकसान काफी हद तक कम हो जाता है। इसी कड़ी में मड़िहान क्षेत्र में स्थापित नीलम फूड प्रोडक्ट्स एक अत्यंत सराहनीय पहल है, जो इस पूरे क्षेत्र के किसानों और आमजन के लिए अत्यधिक लाभकारी सिद्ध होने वाली है। नीलम फूड प्रोडक्ट्स लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया गया है, जिसमें उच्च गुणवत्ता की आधुनिक मशीनरी लगाई गई है। यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि यह प्लांट सोलर ऊर्जा से संचालित है, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत विकास की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस प्लांट में प्रति घंटे लगभग 10 क्विंटल की दर से टमाटर, मिर्च आदि का प्रसंस्करण किया जाता है और इस प्रकार पूरे वर्ष लगभग 30,000 मीट्रिक टन टमाटर एवं मिर्च की खपत संभव होगी।

इस आधुनिक संयंत्र में टमाटर को सुरक्षित रूप से संग्रहित किया जाएगा, जिसका उपयोग पूरे वर्ष टमाटर प्यूरी, टमाटर केचप जैसे उत्पादों के निर्माण में किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को विविध फसलों के लिए एक स्थायी और भरोसेमंद बाजार उपलब्ध होगा।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि लघु और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा अनेक पहलें की गई हैं। असंगठित खाद्य प्रसंस्करण सूक्ष्म उद्यमों के योगदान और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना- पीएम एफएमई (PMFME ) की शुरुआत की गई है, यह एक अखिल भारतीय केन्द्र प्रायोजित योजना है, जिसे वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक पाँच वर्षों में 2,00,000 उद्यमों को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से 10,000 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में जो सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है, उसके पीछे केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना  PMFME की महत्वपूर्ण भूमिका है, यह योजना विशेष रूप से छोटे, सूक्ष्म और पारंपरिक खाद्य उद्यमों को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से लाई गई है। इस योजना के माध्यम से उद्यमियों को वित्तीय सहायता के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान, गुणवत्ता मानकों, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने का सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है।

नीलम फूड प्रोडक्ट्स जैसी इकाइयाँ इस योजना की आत्मा को साकार करती हैं और यह सिद्ध करती हैं कि यदि सही नीति और सही नीयत साथ हों, तो छोटे उद्यम भी बड़ी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी प्रदेश में पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार सृजन के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 लागू की गई है। इस नीति के अंतर्गत निवेशकों के लिए विभिन्न प्रकार के अनुदान, रियायतें और प्रोत्साहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को गति मिल सके। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुझे यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई है कि उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा इस परियोजना को उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण नीति-2023 के अंतर्गत लेटर ऑफ कंफर्ट के माध्यम से एक करोड़ एक लाख बाईस हजार रुपये के अनुदान की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि यह अनुदान केवल वित्तीय सहयोग नहीं है, बल्कि यह सरकार का उस उद्यम पर भरोसा है, जो किसानों, स्थानीय संसाधनों और रोजगार को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है। यह विश्वास इस बात का प्रतीक है कि सरकार और उद्यमी मिलकर विकास की साझा जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

नीलम फूड प्रोडक्ट्स द्वारा खाद्य प्रसंस्करण द्वारा टमाटर केचप जैसी मूल्य संवर्धित इकाई की स्थापना यह प्रमाणित करती है कि हमारे उद्यमी अब केवल कच्चा माल बेचने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे किसानों की उपज को प्रसंस्करण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग के माध्यम से नए बाजार और नई पहचान दिला रहे हैं। इससे किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा, बिचैलियों की भूमिका कम होगी और कृषि आय में स्थायित्व आएगा। उन्होंने कहा कि नीलम फूड प्रोडक्ट्स की यह इकाई स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी, युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का अवसर देगी और पलायन जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह इकाई न केवल आर्थिक विकास, बल्कि सामाजिक संतुलन को भी मजबूत करेगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज जब देश विकसित भारत-2047 के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है, तब नीलम फूड प्रोडक्ट्स जैसी पहलें इन विचारों को वास्तविकता में बदलने का कार्य कर रही हैं। स्थानीय उत्पाद जब गुणवत्ता और विश्वास के साथ बाजार में आते हैं, तो वे न केवल प्रदेश की पहचान बनते हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह इकाई सरकार की नीतियों, किसानों की अपेक्षाओं और उपभोक्ताओं के विश्वास-तीनों पर खरी उतरेगी और जनपद मीरजापुर तथा पूरे पूर्वांचल के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।

केन्द्रीय मंत्री ने तहसील मड़िहान में गरीब, असहाय जरूरतमन्दों को किया गया निशुल्क कम्बल का वितरण
मीरजापुर। तहसील मड़िहान के परिसर में निशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गरीबों, निःसहाय, दिव्यांग एवं जरूरतमंद लगभग 500 लोगों के बीच कम्बल वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व रसायन उर्वरक भारत सरकार श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी के कर कमलों द्वारा किया गया।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिवर्ष सर्दी के महीनों में ठंड से बचाव के लिए गरीब और असहाय जनता को निशुल्क कंबल वितरण किया जाता है और हम सभी प्रयास करते हैं कि प्रतिवर्ष अधिक से अधिक गांव में लोगों के बीच पहुंचकर स्वयं अपने हाथों से कंबल प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मांग रहती है और मीरजापुर की सासंद/केन्द्रीय राज्यमंत्री के रूप में मेरी कोशिश सदैव रहती है कि प्रतिवर्ष सर्दियों के मौसम में अधिक से अधिक स्थानों पर स्वयं पहुंचकर कंबल का वितरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि आप सब बड़ी संख्या में आए हैं आप सभी को निशुल्क कंबल का वितरण किया जाएगा। इस वरिष्ठ भाजपा नेता लाल बहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा बृजभूषण सिंह, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिंद, राष्ट्रीय सचिव व्यापार मंच रमेश पटेल, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल, राष्ट्रीय सचिव चिकित्सा मंच डॉक्टर एसपी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह, मेजर कृपा शंकर सिंह, जिला अध्यक्ष युवा मंच अपना दल एस उदय पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अपना दल एस शंकर सिंह चैहान, सहित भाजपा और अपना दल के पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!