0 नगर के सड़को के गड्ढा मुक्ति के लिए तीन सदस्सीय टीम गठित, एक माह के अन्दर कृत कार्रवाई से कराए अवगत
मीरजापुर। मीरजापुर में पीतल उद्योग के सुदृढ़ीकरण एवं मण्डल में उद्योगो को बढ़ावा देने के दृष्टिगत मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक आहूत की गई। बैठक में पीतल उद्योग के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण चर्चा पीतल उद्यमियो व जूम के माध्यम से जुड़े बीएच0यू0 वाराणसी के विशेषज्ञो के द्वारा विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मीरजापुर के पारंपरिक पीतल उद्योग को सुदृढ़ करने, नए होम डेकोर उत्पादों के विकास, आधुनिक डिजाइन एवं तकनीक के समावेशन, नए कारीगरों (आर्टिजन) के प्रशिक्षण, पीतल के अन्य उत्पादों को विकसित करने तथा उनकी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात संभावनाओं को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तृत चच्च की गई। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत उपलब्ध लाभों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों एवं कारीगरों द्वारा कई व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर मण्डलायुक्त सकारात्मक मार्गदर्शन एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। मण्डलायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, जिससे पीतल उद्योग को नई पहचान एवं गति मिल सके।
इस अवसर पर मीरजापुर ब्रास इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव आशीष सिंह ने कहा कि मीरजापुर पीतल उद्योग जिले की पहचान है और इस प्रकार की बैठकों से उद्योग एवं कारीगरों में नया उत्साह उत्पन्न हुआ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्योग जगत की ओर से प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक के सफल आयोजन से पीतल उद्योग से जुड़े उद्यमियों एवं कारीगरों में सकारात्मक उम्मीद जगी है और आने वाले समय में ठोस परिणाम सामने आने की संभावना व्यक्त की गई।
मण्डलायुक्त ने पूर्व में आयोजित उद्योग बंधु में दिए गए निर्देशो के अनुपालन की समीक्षा की तथा उद्यमियों द्वारा उठाए गए विभिन्न बिन्दुओं/समस्याओ के निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिया। मीरजापुर नगर पालिका क्षेत्र में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर, नेशनल हाईवे की तीन सदस्यीय टीम गठित करते हुए निर्देशित किया गया कि नगर क्षेत्र में सड़को के गड्ढा मुक्ति हेतु अभियान चलाकर सड़को को सही करते हुए एक माह में अपनी आख्या उपलब्ध कराएं।
विन्ध्याचल कारीडोर के आस पास उपयुक्त भूमि चिहिन्त करते हुए ओ0डी0ओ0पी0 उत्पादो की प्रदर्शनी स्थल/एसपो मार्ट बनाए जाने हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई। औराई के पास माधव सिंह रेलवे क्रासिंग के आस पास स्पीड ब्रेकर/टेबुल टाप पेटिंग सहित बनाए जाने का निर्देश अधीक्षक अभियंता को दिया गया। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल एकल मेज व्यवस्था के प्रगति, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड सम्बंधी समीक्षा, ओ0डी0ओ0पी0 वित्त पोषण योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वारोजार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनाओं समीक्षा कर बैंकर्स से समन्वय स्थापित करते हुए अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग विरेन्द्र कुमार, उपायुक्त उद्योग मीरजापुर दया शंकर सरोज, उपायुक्त उद्योग सोनभद्र, उपायुक्त उद्योग भदोही, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मीरजापुर, भदोही, सोनभद्र, के अलावा उद्यमियों में शैलेन्द्र अग्रहरि, मनोज खंडेलवाल, आशीष सिंह, आशीष बुधिया, मुकेश साहू सहित तीनो जनपदो के उद्यमी व अधिकारी उपस्थित रहें।



