पड़री, मीरजापुर।
विकास खंड पहाड़ी अंतर्गत एनएच-135 से टेढ़ा मार्ग पर बढईया नाला पर प्रस्तावित लघु सेतु निर्माण कार्य का शुभारंभ शनिवार को मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने विधिवत भूमि पूजन कर किया। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने से क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि बरसात के मौसम में नाले में जलस्तर बढ़ने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। लघु सेतु निर्माण के बाद लोगों को स्थायी राहत मिलेगी और क्षेत्र का संपर्क मुख्य मार्गों से सुगम हो सकेगा।
उन्होंने कहाकि सरकार की प्राथमिकता गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। लंबे समय से ग्रामीण इस सेतु की मांग कर रहे थे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाकर कार्य प्रारंभ कराया गया है। सेतु के निर्माण से क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
अधिशाशी अभियंता इंजीनीयर अशोक कुमार ने बताया कि 224.14 लाख की लागत से यह लघु सेतु एनएच-135 से टेढ़ा मार्ग के बढईया नाला पर 3×5×5 मीटर स्पॉन (16.10 मीटर) का यह लघु सेतु लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) मीरजापुर द्वारा निर्मित कराया जाएगा। परियोजना की कुल लागत 224.14 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें सेतु निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य एवं पहुंच मार्ग शामिल हैं।
भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामदेव सरोज, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल मौर्या, पंचदेव सिंह, अवधेश सिंह, मोहन तिवारी, पार्टी पदाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मान सिंह, अवर अभियंता मुस्ताक अहमद एवं भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



