मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नरैना कला गांव में दूरसंचार विभाग द्वारा 5जी केबल डालने के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने एवं 34 गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने के संबंध में बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डल अभियंता भारत नेट वाराणसी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को पुनः ठीक कराया जाए और यदि भविष्य में उनके द्वारा कहीं पर भी कार्य कराया जाता है तो उसकी सूचना पूर्व से ही अधिशासी अभियंता जल निगम को पत्र, जे0जे0एम0 ग्रुप एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त अन्य किसी एजेसियो के द्वारा केबल बिछाते समय जल जीवन मिशन से सम्बन्धित क्षतिग्रस्त होती है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अभियंता जल निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन से सम्बन्धित व्हाटसएप ग्रुप में सम्बन्धित एजेंसियो व बी0एल0एन0एल0 के अधिकारियों को जोड़े ताकि कोई भी केबल बिछाने से पूर्व इस ग्रुप के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराए तथा समन्वय स्थापित कर कार्य पूर्ण कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहें।



