मीरजापुर।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से संबद्ध मिर्जापुर जिले के महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के अंतिम दिन केंद्रीय सचलदल के संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह तथा सदस्य डॉ. अमित कुमार और डॉ. विजय ज्योति ने परीक्षाओं को सुचारू और नकलमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को साईं इंस्टीट्यूट, लोहदिकला, ऊषा सिंह विधि महाविद्यालय, बरेवा तथा रामलालित सिंह विधि महाविद्यालय, कैलहट, मिर्जापुर में बी.ए.एल.ए.एल.बी. तृतीय एवं सातवें सेमेस्टर की परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया।
संयोजक प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध मिर्जापुर जिले के महाविद्यालयों की सेमेस्टर परीक्षाओं की शुरुआत 5 दिसंबर से हुई थी, जिसमें केंद्रीय दल के सदस्य डॉ. अमित कुमार सिंह और डॉ. विजय ज्योति ने अलग-अलग दिनों में कुल 301 बार विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 16 परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े गए। सचलदल ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी की मंशा के अनुरूप परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने में अथक प्रयास किया, जिसका समापन मंगलवार को हो गया।



