News

बबुरा खुर्द गांव में नील गाय का मांस बरामद, वन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी

0 गृहस्वामी व उसका परिवार पुलिस व वन विभाग की टीम के आने की भनक लगते ही फरार

मीरजापुर।

जिले के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बबुरा खुर्द गांव में घर के भीतर नीलगाय का मांस रखे जाने की सूचना पर गुरुवार सुबह वन विभाग व पुलिस की टीम गांव में पहुंची। जहां वन विभाग व पुलिस के आने से पहले आरोपित घर छोड़कर भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक बबुरा खुर्द गांव निवासी दीन मोहम्मद उर्फ लंगड़ ने गांव के ही तालाब के भीटे पर पक्का मकान बना रखा है।पक्के मकान के भीतर नीलगाय का मांस रखे जाने की गांव के ही एक व्यक्ति ने वनविभाग व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज विनोद कुमार सिंह, एसआई टीपी सिंह, एसआई मूलचंद वर्मा वनदरोगा सर्वेश्वर पटेल, कुमार कार्तिकेय मौर्य, वनरक्षक अंकुर सिंह ने घर के भीतर तलाशी ली, तो बेड के नीचे बड़े टब और बोरी में भरा हुआ करीब चालीस किलो नीलगाय का मांस बरामद किया।

ग्रामीणों ने बताया कि बरामद मांस को आरोपियों ने बेचने के लिए घर के भीतर रखा था। वन विभाग की टीम बरामद मांस को थाने लेकर गई। आरोपितों को पुलिस व वनविभाग की टीम गिरफ्तार नही कर सकी है। वन विभाग मामले की लीपापोती में लगा हुआ है।वनदरोगा सर्वेश्वर पटेल का कहना है बरामद किया गया मांस प्रयागराज जिले से लाया गया था।

जबकि ग्रामीणों का कहना है कि अभी आरोपियों को गिरफ्तार नही किया गया, तो वन दरोगा को कैसे मालूम कि नील गाय का मांस प्रयागराज से लाया गया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया वन विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। जंगली जानवरों की सुरक्षा में घोर लापरवाही बरत रहा है। यदि वन विभाग की टीम वन रेंज में गश्त करती, तो शायद नील गाय का शिकार नही हो पाता।

नील गाय का मांस बरामद होना वन विभाग की कार्य शैली पर सवालिया निशान लगा रहा। वहीं क्षेत्रीय वन अधिकारी ड्रमंडगंज वीरेंद्र कुमार तिवारी का कहना है कि पशु चिकित्सा अधिकारी हलिया कमलेश कुमार को बरामद किए गए नील गाय के मांस की पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए सूचना दी गई है। पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद आरोपितों के विरुद्ध थाने में मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!