News

अस्थि-कलश पहुंचते ही श्रद्धा का सैलाब, अजित दादा पवार को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

पड़री, मिर्जापुर।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अजित दादा पवार का अस्थि-कलश शुक्रवार को पहाड़ी विकास खंड के भरपुरा स्थित मां शारदा लान पहुंचते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अस्थि-कलश के आगमन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन-पूजन एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

एनसीपी यूथ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के निर्देशानुसार तथा एनसीपी यूपी के प्रदेश महासचिव अरुण दुबे की देखरेख में धनंजय शर्मा एवं सुनील त्रिपाठी अस्थि-कलश को लेकर भरपुरा पहुंचे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में आमजन ने अस्थि-कलश के दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए एनसीपी के प्रदेश महासचिव अरुण दुबे ने कहा कि अजित दादा पवार का निधन भारतीय राजनीति के एक सशक्त स्तंभ के रूप में अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि अजित दादा का संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव कार्यकर्ताओं और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

कार्यक्रम के उपरांत अस्थि-कलश यात्रा की आगे की जिम्मेदारी अरुण दुबे को सौंपी गई। उन्होंने बताया कि अस्थि-कलश यात्रा के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

श्रद्धांजलि सभा में पहाड़ी ब्लॉक प्रमुख इंद्रबहादुर पांडेय, प्रधान संघ अध्यक्ष ब्यासजी बिंद, मंटु चौबे, रामदेव सरोज, अम्बर दुबे, विशाल पांडेय, देवमणि उर्फ मख्खड़ दुबे, संतोष तिवारी, चंदन दुबे सहित प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता व क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!