राष्ट्रीय मंच पर दमखम दिखाने वाले 51 खिलाड़ियों का हुआ भव्य सम्मान
फोटोसहित
पड़री, मीरजापुर।
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग एवं पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में शुक्रवार को विकास खंड पहाड़ी के कपसौर पड़री स्थित शिवलोक श्रीनेत महाविद्यालय में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विंध्याचल मंडल के मीरजापुर, सोनभद्र व भदोही जनपद से आए 51 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक विंध्याचल मंडल उदयभान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों को टी-शर्ट, लोवर, ट्रैकसूट, जूते, मोजे, बैच एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करना पूरे मंडल के लिए गर्व की बात है कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्रबंधक डॉ. मधुलिका सिंह एवं संरक्षक डॉ. संतोष सिंह के नेतृत्व में किया गया। अतिथियों को मां विंध्यवासिनी का चित्र व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में तैराकी, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, कबड्डी, कराटे, थांग-ता मार्शल आर्ट, क्रिकेट, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
विशिष्ट अतिथि मंडलीय सचिव राजवन सिंह ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम का संचालन श्यामधर चतुर्वेदी ने किया। इस मौके पर सतीश सिंह, सुनील सिंह, चंद्रमणि, प्रवीण सिंह, राहुल सिंह, शौरभ केशरी, डॉ. गुलाब सावीर, शुभाष सिंह, अमरेश, रविश, भूपेंद्र सिंह, चंदन मौर्य, रामकुमार यादव, प्राची गुप्ता, चुलबुल सिंह सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।



