News

तीन जनपदों के 18 परीक्षा केंद्रों पर एलएलबी परीक्षाएं प्रारंभ

0 शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण हो रहा संचालन
मीरजापुर। माँ विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय मीरजापुर द्वारा संचालित एलएलबी (विधि) पाठ्यक्रम की सेमेस्टर परीक्षाएँ आज से तीन जनपदों के कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में प्रारंभ हो गईं। परीक्षाओं का आयोजन मीरजापुर, सोनभद्र एवं भदोही जनपदों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने अनुशासित वातावरण में उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया

परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक प्रशासनिक प्रबंध, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं सतत निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है, जो परीक्षा संचालन की समस्त व्यवस्थाओं पर सतर्क दृष्टि बनाए हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जिन परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य नहीं कर रहे थे, उन्हें चेतावनी देते हुए तत्काल कैमरों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए तथा भविष्य में ऐसे केंद्रों को परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने साईं लॉ कॉलेज, ज्ञानंदा लॉ कॉलेज एवं मथुरा लॉ कॉलेज का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं नकलविहीन संचालन का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी गिरीश कुमार एवं कुलसचिव रामनारायन भी उनके साथ उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की शुचिता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!