0 आपरेटर ने थाने में तहरीर देकर चोरी कें खुलासा की माँग की
पड़री (मीरजापुर)।
पड़री बाजार में किराए के कमरे में रह रहे एक आधार ऑपरेटर के यहां लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार निवासी वैभव उपाध्याय पुत्र स्व. धर्मराज उपाध्याय, जो विकास खंड पहाड़ी मुख्यालय पर आधार कार्ड ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, पड़री बाजार में किराए के मकान में रहते हैं। पीड़ित ने बताया कि माता-पिता के निधन के बाद मां के जेवर चार भाइयों में बांटे गए थे, जिनमें उनके हिस्से में करीब 300 ग्राम चांदी की पैजनी, एक सोने का झुमका व एक बाली आई थी। इन आभूषणों को उन्होंने एक बैग में सुरक्षित रखकर कमरे में रखा था। पीड़ित के मुताबिक घटना से एक दिन पूर्व उन्होंने मकान मालिक को सामान निकालने के लिए कमरे की चाबी दी थी। बाद में जब बैग की जांच की गई तो उसमें रखे आभूषण गायब मिले। खोजबीन के दौरान बगल में रहने वाले एक किरायेदार के कमरे से एक ताला और चाबी मिली। बताया जा रहा है कि उक्त चाबी से पीड़ित के कमरे का ताला खुल जा रहा था, पीड़ित ने चोरी की घटना की जानकारी लिखित रूप से हल्का उपनिरीक्षक को दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर आवश्यक पूछताछ की। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, घटना की जांच पड़ताल जा रही हैं। कई तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



