0 ग्राम पंचायत अतरैला में चौपाल लगाकर ग्रामीणो की समस्याओं को सुनते हुए पात्र लाभार्थियो से मिल रही योजनाओं के बारे में ली जानकारी
0 अन्नपूर्णा भवन के लोकार्पण सहित सेनेटरी पैड प्लांट का फीता काटकर किया उद्घाटन, निर्माणाधीन विन्ध्य मार्ट का किया निरीक्षण
मीरजापुर।
मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने सोमवार को तहसील व विकास खंड कार्यालय पहुंचकर वार्षिक निरीक्षण किया। मण्डलायुक्त ने लंबित मुकदमों व तहसील परिसर में निर्माणाधीन आवासीय भवन के कार्यों की सुस्त रफ्तार पर सख्ती दिखाते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। तहसील निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीन से पांच वर्ष से लंबित राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
तहसील सभागार में अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने कहा कि पुराने मामलों का समयबद्ध निस्तारण नहीं होने से आमजन को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। सभी प्रकरणों की सूची तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण में कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं और लंबित भुगतानों की भी पड़ताल की गई।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन कर्मियों का भुगतान लंबित है, उसे शीघ्र निपटाया जाए ताकि कार्यालयी कार्य प्रभावित न हों।
तत्पश्चात उन्होंने विकासखंड परिसर का निरीक्षण किया। परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की देखरेख सुनिश्चित करने को कहा। नवनिर्मित व निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता जांचते हुए कार्यदायी संस्था को समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी।
तहसील परिसर में बन रहे आवासीय भवन के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में कार्य पूरा न होने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, आईएएस अंशुल हिंदी, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या आर्यन यादव, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश, एडीओ पंचायत अजय शंकर तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विकास खंड क्षेत्र के अतरैला गांव में शनिवार को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मण्डलायुक्त ने गांव में स्थापित सेनेटरी पैड निर्माण मशीन प्लांट का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही अन्नपूर्णा भवन का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
मंडलायुक्त ने परिसर का निरीक्षण कर मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सेनेटरी पैड निर्माण इकाई से जहां स्थानीय स्तर पर सस्ते एवं सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध होंगे। वहीं महिलाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने महिलाओं को गुणवत्ता, स्वच्छता और विपणन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। आवास योजना, विधवा एवं वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित लाभार्थियों के प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अन्नपूर्णा भवन के लोकार्पण अवसर पर कहा गया कि यह भवन सामुदायिक कार्यक्रमों, पोषण आहार वितरण एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या आर0एन0 यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी लालगंज महेन्द्र सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट/खण्ड विकास अधिकारी लालगंज अंशुल हिन्दल उपस्थित रहें।



