News

7 माह से मानदेय न मिलने से परेशान मनरेगा कर्मचारियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

0 मनरेगा कर्मचारियों में भुखमरी की स्थिति
पड़री, मिर्जापुर।
विकास खंड पहाड़ी में मनरेगा कर्मचारियों को पिछले सात माह से मानदेय न मिलने से नाराज मनरेगा कर्मचारियों ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी बबिता सिंह को ज्ञापन सौंपकर भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे।

सोमवार को विकास खंड पहाड़ी परिसर में मनरेगा कर्मचारी महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर व अन्य कर्मचारियों ने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिव प्रताप सिंह की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारी बबीता सिंह को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे सभी विभागीय कार्यों को पूरी जिम्मेदारी से संपादित कर रहे हैं तथा अन्य विभागों के कार्य भी कर रहे हैं, इसके बावजूद पिछले सात माह से उनका मानदेय लंबित है। होली जैसे बड़े पर्व पर भी भुगतान न होने से कर्मचारियों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा और त्योहार फीका रह गया।

कर्मचारियों ने कहाकि मानदेय लंबित रहने से उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने शासन स्तर तक अपनी समस्या पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते मानदेय का भुगतान नहीं हुआ, तो मनरेगा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।

खंड विकास अधिकारी बबीता सिंह ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा उन्हें ज्ञापन दिया गया है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार, तकनीकी सहायक गुड्डू ठाकुर, राजकुमार, धर्मेंद्र कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार सहित अन्य मनरेगा कर्मचारी मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!