- खास खबर डेस्क।
दुनिया में कई लग्जरी होटल हैं, दु लेकिन चिली के अटाकामा रेगिस्तान में बना एक होटल ऐसा है, जहां आम पर्यटकों को ठहरने की अनुमति नहीं है। ला रेसिडेंसिया नाम का यह अनोखा होटल सिर्फ वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के लिए खासतौर पर बनाया गया है।
इस होटल में वैज्ञानिक खगोल विज्ञान से जुड़े शोध कार्य करते हैं। अटाकामा रेगिस्तान को पृथ्वी का सबसे सूखा गैर-ध्रुवीय इलाका माना जाता है। यहां सालभर में औसतन 10 मिलीमीटर से भी कम बारिश होती है और कई जगहों पर दशकों तक बारिश नहीं होती। इसी कठोर और लगभग मंगल ग्रह जैसी दिखने वाली जमीन पर 2400 मीटर की ऊंचाई पर यह खास इमारत बनाई गई है।
सुरक्षा का रखा है विशेष ध्यान
करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला यह होटल जमीन के नीचे बनाया गया है। इसमें कुल 108 कमरे हैं। इसका डिजाइन इस तरह से तैयार किया गया है कि रेगिस्तान की तेज गर्मी और तेज हवाओं से अंदर रहने वाले लोगों को सुरक्षा और आराम मिल सके।
बगीचा और स्वीमिंग पूल भी है उपलब्ध
होटल की सबसे बड़ी खासियत इसका 35 मीटर चौड़ा कांच का गुंबद है। इस गुंबद के नीचे एक हरा-भरा बगीचा और स्विमिंग पूल बनाया गया है। यह हरियाली वैज्ञानिकों को ऐसा माहौल देती है, मानो वे रेगिस्तान में नहीं बल्कि किसी शांत रिसॉर्ट में हों। यहां रहने वाले वैज्ञानिक रातभर टेलीस्कोप से आकाश का अध्ययन करते हैं और दिन में इसी जगह आराम करते हैं।



