मिथिलेश अग्रहरि, पड़री (मिर्जापुर)।
विकास खंड पहाड़ी के पथरहा गांव के पास गुरखुली नदी पर प्रस्तावित लघु सेतु के निर्माण के लिए शुक्रवार शाम करीब चार बजे भूमि पूजन किया गया। मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने विधि-विधान से पूजन कर 1 करोड़ 44 लाख 56 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 27 मीटर लंबे लघु सेतु तथा लगभग 200 मीटर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक ने कहाकि बरसात के मौसम में गुरखुली नदी का जलस्तर बढ़ जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुल के निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने कहाकि सरकार गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे थे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। पुल बनने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार करीब 1 करोड़ 44 लाख 56 हजार रुपये की लागत से सात तख्त का पुल बनाया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रांतीय खंड मिर्जापुर के सहायक अभियंता मान सिंह, ग्राम प्रधान ऋतु सिंह,शशि प्रकाश सिंह, राम सिंह, राणा सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





