News

मडिहान मे संदिग्ध परिस्थितियों में रेणूकुट निवासी टेक्निकल कर्मचारी की मौत; पडरी मे अज्ञात वाहन की टक्कर से 48 वर्षीय महिला की मौत

मीरजापुर।
मडिहान तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक कर्मचारी की मौत हो जाने से इलाके मे हैरानी का माहौल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

सोनभद्र जिले के रेणुकूट निवासी ब्रम्हानन्द मुखर्जी 32 वर्ष अपने परिवार के साथ मड़िहान तहसील के पास किराए के मकान में रहकर ददरी स्थित पावर प्लांट में टेक्निकल कर्मचारी के रूप में कार्य करते थे।

बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम वह रोज की तरह काम खत्म करके अपने कमरे पर लौटे थे। देर शाम घर में किसी बात को लेकर पत्नी से उनका विवाद हो गया। इसके बाद दोनों अपने-अपने काम में लग गए। रात में जब पत्नी की नजर कमरे में पड़ी, तो वह देखकर दहशत में आ गई कि उसका पति फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही उसके होश उड़ गए और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी।

पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किराएदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आनन-फानन में युवक को नीचे उतारा और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. एस. वर्मा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित साथियों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

 

अज्ञात वाहन की टक्कर से 48 वर्षीय महिला की मौत
पड़री, मीरजापुर।
पडरी थाना क्षेत्र के डगमगपुर चौराहे के पास हाइवे पर शुक्रवार की सायं सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जें में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के संबंध मे बताया गया है कि सिंधोरा गांव निवासीनी राधिका देवी उम्र 48 वर्ष पत्नी स्व उमाशंकर शुक्रवार की देर सायं सड़क पार कर जालान विद्यालय की तरफ से अपने घर आ रही थी।अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई।

सूचना पर पहुँचे परिजन व ग्रामीण की मदद से इलाज हेतु चुनार एपेक्स अस्पताल ले जाया गया,जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।परिजनों ने मौत की सूचना शनिवार को पड़री पुलिस को दी। पड़री पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका दो पुत्रों की माँ बताई गई है। मृतका के पति की मौत चार वर्ष पहले सड़क हादसे हो गई थी।घटना से परिजनों में कोहराम है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!