News

नगर विकास मंत्री ने ऐतिहासिक ओझला पुल, अहिल्याबाई पार्क, डंकिनगंज कुंऐं के सौंदर्यीकरण का किया लोकार्पण

0 चौबेघाट अंत्येष्टि स्थल पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के लिए तीन करोड़ रूपए की दी स्वीकृति
मीरजापुर।
उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा और नगर विकास मंत्री ने अष्टभुजा डाक बंगले पर नगर पालिका परिषद के पांच बड़े विकास कार्यों का लोकार्पण शनिवार को फीता काटकर किया। बता दे नगर के ऐतिहासिक ओझला पुल के सौंदर्यीकरण कार्य सहित विंध्याचल बरतर स्थित जोनल ऑफिस निर्माण, अहिल्याबाई होल्कर पार्क निर्माण एवं डंकिनगंज स्थित प्राचीन कुंआ एवं पटेल चौक के सुंदरीकरण कार्यों का विधि विधान से पूजन अर्चन के बाद नगर विकास मंत्री ने लोकार्पण किया।

इस मौके पर ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ने कहाकि यह बात सही है कि मैने नगर पालिका परिषद मीरजापुर को गोद लिया है, श्याम सुंदर केशरी जी के विशेष आग्रह पर चौबे घाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के लिए तीन करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान कर दी है।पालिकाध्यक्ष ने मुझे गरीब बच्चों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कहा है, आने वाले समय में आप इसका भी प्रस्ताव बनाकर भेजे और इसको भी कार्य योजना में जोड़कर विकास कराया जाएगा और मै यहां बैठे विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष सहित उन तमाम लोगों से कहना चाहता हूं कि विंध्याचल में अगर किसी भी विकास की जरूरत हो तो उसे मुझे बताए उस पर काम किया जाएगा।अब विंध्याचल में बॉस बल्लियों पर तार नहीं लटकते मिलेंगे, जहा पर भी यह व्यवस्था है उसे समाप्त किया जायेगा।

स्थानीय विधायक रत्नाकर मिश्र जी के के अनुमोदन पर विंध्याचल सब स्टेशन पर एक अतिरिक्त पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर लगाकर क्षमता वृद्धि करने के साथ ही वितरण करने वाले तीस नग ट्रांसफार्मरों की भी क्षमता वृद्धि की गई है। इस मौके पर नगर पालिका के अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा है कि मंत्री द्वारा नगर से जुड़े पांच ऐतिहासिक स्थलों का लोकार्पण किया गया है, जिसमें ऐतिहासिक ओझला पुल लगभग 270 वर्ष पुराना प्राचीन धरोहर है, जो मिर्ज़ापुर शहर को विंध्याचल धाम से जोड़ता है। यह पुल पुण्यजला (ओझला) नदी पर बना है और अपनी अनोखी पत्थर की वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है।

इतिहास के अनुसार इस पुल का निर्माण 18वीं शताब्दी में संवत 1772 के आसपास एक कपास व्यापारी महंत परशुराम गिरी द्वारा कराया गया था। कहा जाता है कि रुई के व्यापार से हुई केवल एक दिन की कमाई से इस ऐतिहासिक पुल का निर्माण कराया गया था।उस समय नदी के कारण व्यापार और आवागमन में काफी कठिनाई होती थी, इसलिए व्यापारियों और यात्रियों की सुविधा के लिए यह पुल बनवाया गया।पत्थरों से बने इस पुल पर सुंदर नक्काशी देखने को मिलती है। चार मंजिला संरचना वाले इस पुल के नीचे बने कक्षों का उपयोग पुराने समय में व्यापारी और यात्री विश्राम के लिए करते थे। मजबूत निर्माण और कलात्मक शैली के कारण यह पुल आज भी अपनी ऐतिहासिक पहचान बनाए हुए है। इसके सुंदरीकरण एवं लोकार्पण होने पर इसको फिर से जीवंत रूप मिला है आगे यहां पर इको टूरिज्मकी भी प्रयाप्त संभावना है। प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नगर पालिका परिषद मीरजापुर में विंध्याचल एसटीपी क्षेत्र में एक जोनल कार्यालय के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है।

डंकीनगंज स्थित प्राचीन कुआं लगभग डेढ़ सौ वर्ष पुराना ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है। यह कुआं क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सामाजिक परंपरा से भी जुड़ा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, डंकीनगंज चौराहे पर स्थित मां आनंदमई देवी मंदिर की जलहरी में जल इसी कुएं के पानी से भरा था। इसके अलावा पुराने समय में गर्मी के दिनों में यहां आने-जाने वाले लोगों और राहगीरों को इसी कुएं का ठंडा पानी पिलाया जाता था, जिससे यह स्थान सामाजिक सेवा और जनकल्याण का भी केंद्र रहा।

समय के साथ इस ऐतिहासिक कुएं की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिषद मीरजापुर द्वारा इसके संरक्षण और सुंदरीकरण का कार्य कराया गया है। वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर सहित देश के कई मंदिरों का पुनरुत्थान कराने वाली लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर भी पार्क का निर्माण कराया गया है। नपाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी के आग्रह पर आज नगर विकास मंत्री जी ने ओझला पुल क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी प्रस्ताव मांगा है। प्रस्ताव मिलने के बाद जल्द ही इसके विकास एवं सुंदरीकरण का कार्य प्रारंभ किए जाने की संभावना है, उक्त विकास कार्यो से मीरजापुर के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही नगर के ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण से नगर की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलती है, कार्यक्रम के अंत में अधिशासी अधिकारी जी लाल ने कार्यक्रम में मंचासीन सभी मंत्री, अतिथियों एवं समस्त जनप्रतिनिधि तथा उपस्थित अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।

इस कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मडिहान विनायक रमाशंकर सिंह पटेल, राज्य मंत्री सोहनलाल श्रीमाली, भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, मण्डल अध्यक्ष पूर्वी डाली अग्रहरि, गैपुरा मण्डल अध्यक्ष संतोष पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!