News

अडानी थर्मल परियोजना को लेकर हुई बैठक मे स्थानीय युवाओं के रोजगार पर जोर
पड़री (मीरजापुर)।
विकास खंड पहाड़ी के कठिनई गांव में सोमवार को अडानी समूह की कंपनी मिर्जापुर थर्मल एनर्जी यूपी प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित 1600 मेगावाट पावर प्लांट परियोजना के विस्तार को लेकर बैठक आयोजित की गई।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र ने की। जनसुनवाई में गंगा नदी से पानी उठाकर पाइपलाइन के माध्यम से मड़िहान क्षेत्र के ददरी खुर्द में बन रहे पावर प्लांट तक पानी पहुंचाने के लिए प्रस्तावित भूमिगत वाटर पाइपलाइन, पंप हाउस आदि से संबंधित आकलन रिपोर्ट पर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई।
उपजिलाधिकारी गुलाब चंद्र ने कहा कि किसी भी औद्योगिक विकास की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कहाकि यह परियोजना केवल बिजली उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का जरिया भी बनेगी। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए, ताकि उन्हें काम के लिए बाहर न जाना पड़े।

उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा को प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए कहाकि विकास कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि पाइपलाइन जमीन से लगभग पांच फीट नीचे बिछाई जाएगी, जिससे किसानों की खेती-बाड़ी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

जनसुनवाई में सरैया, कठनई, ददरी खुर्द, हिनौती, टौंगा, चांदलेवा कला, नगहट, जरहां, मनोहरपुर, दाढ़ीराम और थानापुर समेत कई गांवों के ग्रामीण व जनप्रतिनिधि शामिल हुए। ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों पर कंपनी और प्रशासन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
इस दौरान कंपनी के दिनेश कुमार, अरुण कुमार, प्रमोद पाठक, ऊषा मिश्रा, विवेक थपलियाल के साथ जनप्रतिनिधि रामदेव सरोज, ब्यास जी बिंद, राम सिंह राणा, निर्भय दुबे,संजय दुबे, रामसागर भारती, महेश गौतम, महेश यादव सहित कई ग्राम प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!