मीरजापुर।
11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नारघाट स्थित लाला लाजपत राय शहीद उद्यान योग समिति के द्वारा एक सप्ताह तक योग शिविर चलाने के पश्चात आज उसका समापन किया गया। मानसून जल्दी आने तथा अप्रत्याशित वर्षा होने से थोड़ा व्यवधान हुआ जिससे समापन कार्यक्रम लाला लाजपत राय पुस्तकालय में किया गया।
योगाचार्य प्रमोद चंद्र अग्रवाल ने बताया कि स्थान छोटा होने तथा सदस्यों की संख्या अधिक होने से कार्यक्रम को भी संकुचित करना पड़ा। आज ज्यादातर प्राणायाम ही कराया गया जिसमें अनुलोम विलोम, कपालभाति, भस्सिका, त्रिबंध क्रिया ,अग्निसार, उज्जायी, शीतली,भ्रामरी आदि तथा ध्यान कराया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रमुख उद्योगपति तथा समाजसेवी सी पी गुप्ता ने योगाचार्य प्रमोद चंद्र अग्रवाल को माल्यार्पण किया। योगाचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग का जीवन में बहुत महत्व है। मानव जीवन बहुमूल्य है इसे स्वस्थ रखने के लिए नित्य प्रति योग करना परम आवश्यक है। अतः इसे अपने दैनिक जीवन में अवश्य सम्मिलित करें।
शिव मूंदड़ा ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा कैलाश माहेश्वरी ने योग प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। योग सह प्रशिक्षक गोविंद जी शर्मा तथा उषा शुक्ला ने अपना विशेष सहयोग प्रदान किया।
आज के कार्यक्रम में गणेश केसरवानी, नरेंद्र प्रसाद तिवारी, मनोज कुमार मैनी एडवोकेट, दीपक बिहानी, सौरभ अग्रहरि, अनिल कुमार सेठ, कमल किशोर पांडेय, संदीप श्रीवास्तव, संतोष तिवारी, अनिल जायसवाल आदि उपस्थित रहे। स्थानाभाव के कारण कई लोगों को निराश होकर वापस जाना पड़ा।



