मीरजापुर। मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में संयुक्त आयुक्त उद्योग विन्ध्याचल मण्डल मण्डल वीरेंद्र कुमार, तीनों जनपदों के उपायुक्त उद्योग एवं अग्रणी जिला प्रबन्धक तथा सभी बैंको के क्षेत्रीय प्रमुखों के साथ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान की समीक्षा आयुक्त कार्यालय सभागार आहूत की गयी।
आयुक्त द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की बैंकवार समीक्षा में एक्सिस बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक, इण्डियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एण्ड सिंध बैंक, भारतीय स्टेट बैंक तथा यूनियन बैंक आफ इण्डिया के प्रमुखो को स्वीकृत/वितरण आवदनों की अपेक्षा अधिक आवेदन निरस्त करने एवं बैंक स्तर पर अधिक मात्रा में आवेदन लम्बित होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की गयी तथा निर्देशित किया गया कि आवेदन निरस्त करने के पूर्व एक बार सम्बन्धित उपायुक्त को किन कमियों के कारण आवेदन निरस्त किया जा रहा है, से अवगत करायें।
मण्डलायुक्त द्वारा कुछ बैंको जैसे यूको बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक आदि द्वारा समयान्तर्गत आवेदनों को स्वीकृत/वितरण कराने पर प्रसन्नता व्यक्त की गयी तथा अन्य बैंको के क्षेत्रीय प्रमुखो को निर्देशित किया गया कि जितने भी आवेदन वितरण हेतु लम्बित है उनका तत्काल वितरण करा दिया जाये तथा जो आवेदन स्वीकृत हेतु लम्बित है उनका निस्तारण दो सप्ताह में करा दिया जाये।
मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार द्वारा विकास भवन एवं जिला उद्योग में एक रिड्रेशल सेल बनाने का सुझाव दिया एवं बैंक को कोई भी आवेदन निरस्त करने के पूर्व इस सेल को सूचित करें यदि तीन दिन में समस्या का निवारण नही होता है, तो उसके उपरान्त आवेदन निरस्त करें। वर्चुअल रूप से जुड़े मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र द्वारा कम से कम आवेदन निरस्त करने व केवल ठोस आधार पर ही आवेदन निरस्त करने का सुझाव दिया गया।
वर्चुअल रूप से जुड़े मुख्य विकास अधिकारी भदोही द्वारा भी बैंक को लम्बित आवेदन पत्रों को समयान्तर्गत स्वीकृत/वितरण कराने की अपेक्षा की गयी। मण्डलायुक्त ने तीनों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा अपने स्तर से करने के निर्देश दिया।
संयुक्त आयुक्त उद्योग विन्ध्याचल मण्डल वीरेन्द्र कुमार द्वारा सभी बैंको के क्षेत्रीय प्रमुखों को अवगत कराया गया कि प्रत्येक बैंक शाखा को माह में कम से कम दो आवेदन पत्र स्वीकृत/वितरण कराना अनिवार्य है। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी मीरजापुर विशाल कुमार एवं जूम एप के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र जागृति अवस्थी, भदोही बालगोविन्द शुक्ला तथा आयुक्त कार्यालय सभागार मे संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, संयुक्त आयुक्त उद्योग विरेन्द्र कुमार, उपायुक्त मीरजापुर दयाशंकर सरोज सहित अन्य उपस्थित रहे।



