News

स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने विधायक ने विंध्यधाम में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

मीरजापुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विंध्याचल धाम स्थित बस स्टैंड परिसर में 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक खादी एवं ग्रामोद्योग लघु प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक सदर रत्नाकर मिश्रा द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड से वित्तपोषित इकाइयों एवं उद्यमियों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों की बिक्री की जा रही है। इसमें नेचुरल इंडिया के उत्पाद, साबुन, अगरबत्ती, बॉस से बने विभिन्न प्रकार के उत्पाद, अचार, मुरब्बा, खादी के शर्ट, खादी वस्त्रों से बने विभिन्न डिजाइन के परिधान एवं अन्य आकर्षक उत्पाद शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त कंबल कारखाने में निर्मित कंबलों की भी बिक्री की जा रही है। प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग के विभिन्न उत्पादों पर विशेष छूट प्रदान की जा रही है, जिससे श्रद्धालु एवं आमजन गुणवत्तापूर्ण स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।

उद्घाटन अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को बढ़ावा देने तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने से स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, उद्यमियों की बिक्री बढ़ाना तथा आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करना है।

अपील किया है कि नवरात्रि के अवसर पर विंध्याचल धाम आने वाले श्रद्धालु बस स्टैंड परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें और ‘स्वदेशी अपनाएं, लोकल फॉर वोकल’ अभियान को मजबूती प्रदान करें। कार्यक्रम में महेश कुमार, श्पवन कुमार, दीपचंद, बृजेश, प्रतिभा, मंजू सहित विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!