अन्याय के खिलाफ

भाजपा नेता गुड्डू चौबे के हत्यारो की गिरफ्तारी समेत अन्य मागो को लेकर गैपुरा चौराहे पर ग्रामीणो ने लगाया जाम

0 एसपी बोले: अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर 72 घंटे के अंदर मुलजिमों की गिरफ्तारी की जाएगी

0 कोटे की दुकान परिवार के किसी सदस्य के नाम करने तथा रायफल व पिस्टल का लाइसेंस पत्नी के नाम करने की होगी प्रक्रिया 

 विन्ध्य न्यूज ब्यूरो, मिर्जापुर।

बिन्ध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता संतोष कुमार उर्फ गुड्डू चौबे की शुक्रवार की शाम अकोढ़ी ग्राम के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शनिवार की सुबह हत्या के विरोध मे पार्टीजनों एवं ग्रामीणों ने मिर्जापुर – प्रयागराज मार्ग पर गैपुरा चौराहे पर सुबह नौ बजे से अवरोधक खड़ा कर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एस डी एम सदर गौरव श्रीवास्तव एवं एस पी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने जाम हटवाने का प्रयास किया। उत्तेजित जामकर्ताओं ने उनकी एक नहीं सुनी। वे डी एम व एस पी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान जामकर्ताओं के समर्थन मे अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी डटे रहे। भारी गहमागहमी के माहौल मे जाम हटवाने के लिए पुलिसिया धौंसपट्टी से बेपरवाह भारी संख्या मे उपस्थित जामकर्ता प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहें। साढ़े तीन घंटे बाद केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल व फोर्स के साथ जिलाधिकारी अनुराग पटेल व पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों व नेताओं से वार्ता के बाद डी एम व एस पी ने माना कि पी एम रिपोर्ट मे गोली मारकर हत्या की पुष्टि हुई है। एसपी ने कहा कि अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर 72 घंटे के अंदर मुलजिमों की गिरफ्तारी की जाएगी। जिलाधिकारी ने कृषक बीमा दुर्घटना का लाभ शीघ्र दिलाने कोटे की दुकान परिवार के किसी सदस्य के नाम करने तथा रायफल व पिस्टल का लाइसेंस पत्नी के नाम करने की बात मान ली है। डी एम व एस पी के आश्वासन पर 11 बजकर 40 मिनट पर जाम समाप्त हो गया। इस दौरान वाहनों की लम्बी कतारें लग जाने से यात्रीगण हलकान रहे।

विजयपुर ग्राम निवासी संतोष कुमार उर्फ गुड्डू चौबे कोटे की दुकान चलाने के साथ ही कई धार्मिक संगठनों से जुड़े रहे। दो वर्ष पूर्व तक विहिप के क्षेत्रीय सह संयोजक थे। इसके बाद भाजपा मे सक्रिय कार्यकर्ता के रूप मे अपनी पहचान बनाई। अपने गांव की दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष के साथ बीते एक दशक से शिवरात्रि शोभायात्रा के संयोजक के रूप मे भी सक्रिय थे। जबकि उनके बड़े भाई राजन चौबे भाजपा युवा मोर्चा गैपुरा मंडल के अध्यक्ष हैं।

एसपी बोले

इस बाबत बात किये जाने पर एसपी अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया था। किन्तु पोस्टमार्टम रिपोर्ट मे संभवत 315 बोर बुलेट से फायरिंग किया जाना पाया गया है। ऐसे मे अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है। साथ ही बताया कि मृतक के नाम से जारी रायफल व पिस्टल का लाइसेंस उनके पत्नी के नाम कराने की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी।

 

परिजनों ने मंडलीय अस्पताल मे भी कही थी हत्या किए जाने की बात 

बताया जाता है कि शुक्रवार को दिन मे कोटे की दुकान के खाद्यान्न का पैसा जमा करने के बाद वे गांव गए थे। नगर के नटवां मुहल्ले मे चार वर्ष पूर्व जमीन लेकर उन्होंने अपना मकान बना लिया था। उनके दोनों बच्चे विभू 15 तथा ऋभू 12 नगर मे ही पढ़ते हैं। गुड्डू चौबे अक्सर शाम को बाइक से नगर चले जाते थे। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे वे घर से चल दिए थे। लाइसेंसी पिस्टल वे साथ ही रखते थे। घटना के बाद पिस्टल मोबाइल व नकदी रुपए उनके पास से मिले थे। पीएम रिपोर्ट मे एक गोली बाएं सीने मे तथा दो गोलियां पीठ मे लगने का खुलासा हुआ है। जाहिर है हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका दिए बगैर सामने से करीब से गोली मारी। फिर मौत सुनिश्चित करने के लिए गिरने के बाद दो गोलियां पीठ मे उतार दिया। अहम सवाल है कि चार पहिया वाहन से बाइक मे टक्कर और वाहन दुर्घटना की खबर किसने फैलाई। जबकि शुक्रवार को परिजनों ने मंडलीय अस्पताल मे ही सीने और नाक से निकले खून को देखकर तत्काल हत्या किए जाने की बात कही थी।

 

विजयपुर व गैपुरा चौराहे पर दुकानदारों ने शोक मे दुकानें बंद रखी

मिश्रित आबादी वाले विजयपुर निवासी भाजपा कार्यकर्ता गुड्डू चौबे की हत्या की खबर फैलते ही प्रशासन चौकन्ना हो गया था। आनन – फानन मे यहां पुलिस व पी ए सी का पहरा लगा दिया गया। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी बाजार मे चक्रमण कर हालात पर नजर रखे हुए हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष विवेकानंद उपाध्याय ने बताया कि एहतियातन पुलिस व पीएसी की अस्थाई तौर पर तैनाती की गई है। ताकि अराजक तत्वों को माहौल खराब करने का अवसर न मिले। वहीं हत्या के विरोध मे विजयपुर बाजार व गांव मे सियापा छाया रहा। अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी। वहीं गैपुरा चौराहे पर भी दुकानदारों ने शोक मे दुकानें बंद रखी।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!