अन्याय के खिलाफ

मनरेगा के तहत निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं होने के विरोध में प्रधानों ने सिटी ब्लॉक कार्यालय पर लगाया ताला

0 मनरेगा के तहत निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं होने से आपूर्ति करने वालों से प्रधान मुंह छिपाते फिर रहे हैं। आरोप लगाया कि भुगतान को लेकर प्रधानों और आपूर्ति कर्ताओं के बीच आए दिन नोकझोंक हो रही है

मिर्जापुर।

मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों में प्रयुक्त निर्माण सामग्री के भुगतान में मनमाना करने तथा श्रमिकों की ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में ग्राम प्रधानों ने बुधवार को सिटी ब्लॉक मुख्यालय कार्यालय के मेन गेट पर ताला लगा दिया। इससे कुछ देर के लिए ब्लॉक परिसर में खलबली मची रही। जिस समय प्रदर्शन चल रहा था, खंड विकास अधिकारी ब्लॉक सभागार में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ साप्ताहिक बैठक कर रहे थे।

ग्राम प्रधान संघ के सिटी ब्लॉक के अध्यक्ष जवाहर लाल मौर्य ने कहा कि अधिकांश ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं होने से आपूर्ति करने वालों से प्रधान मुंह छिपाते फिर रहे हैं। आरोप लगाया कि भुगतान को लेकर प्रधानों और आपूर्ति कर्ताओं के बीच आए दिन नोकझोंक हो रही है। उन्होंने कहा कि मनरेेगा के तहत श्रमिकों का ऑनलाइन हाजिरी लगाने की व्यवस्था गलत है।

प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधानों ने निर्माण सामग्री का भुगतान किए जाने की मांगकी। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष जवाहर लाल मौर्य के अलावा शिवपूजन, केके दुबे, लल्लन, संतोष यादव, मुनेश यादव, रामपति आदि शामिल रहे। उधर राजगढ़ संवाददाता के अनुसार कई ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्य कराने के बावजूद निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं होने से प्रधानों में नाराजगी है। प्रधानों ने ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों पर भुगतान को लेकर भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी रमाकांत ने कहा कि प्रधानों का आरोप निराधार है। कहा कि जो भी भुगतान हो रहा है, वह शासन स्तर से हो रहा है। ब्लॉक का उसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!