मीरजापुर। गांधी जयंती के पावन अवसर पर रोटरी क्लब विंध्याचल एवं रोटरैक्ट क्लब विंध्याचल द्वारा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से बरियाघाट में वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के अध्यक्षजश श्याम सुंदर केसरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अभियान के दौरान बरिया घाट के घाटों, सीढ़ियों एवं आसपास के रास्तों की साफ-सफाई की गई। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से घाटों पर विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता संबंधी प्रेरणादायक स्लोगन वाले पोस्टर लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी जी ने कहाकि “नगरवासी अब स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक होकर आगे आ रहे हैं। रोटरी एवं रोटरैक्ट क्लब की यह पहल सराहनीय है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।”
भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि “महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को अपने जीवन का महत्वपूर्ण संदेश बनाया। गांधी जयंती पर इस तरह का अभियान उनके विचारों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।”
रोटरी क्लब विंध्याचल के अध्यक्ष रोटेरियन प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि “स्वच्छता स्वस्थ जीवन और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। हमारा प्रयास है कि लोग केवल अभियान के दौरान नहीं, बल्कि हमेशा स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझें।” रोट्रेक्ट अध्यक्ष रेनू गुप्ता ने सभी का धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सचिव गौरव खेमका, मयंक गुप्ता, शुशील झुनझुनवाला, संजय सिंह गहरवार, प्रखर गुप्ता, विवेक राजपूत,सत्यम गुप्ता, दिनेश सिंह, अभिनव गुप्त, वैभव गुप्ता।आदि सदस्य मौजूद रहे।


