News

लंबे समय से खराब सड़क के गड्ढे भरने से ग्रामीणों को मिली राहत

0 समाजसेवी गुलाब मौर्या की पहल की ग्रामीणों ने की सराहना
फोटोसहित
अहरौरा, मीरजापुर। मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के जमालपुर ब्लॉक अंतर्गत मानिकपुर ग्राम सभा में लंबे समय से खराब पड़ी सड़क की समस्या का समाधान होने से ग्रामीणों को राहत मिली है। वहीं मड़िहान क्षेत्र के धुरिया में गैस गोदाम से धुरिया गांव जाने वाले मार्ग की भी मरम्मत कराई गई। इसके साथ ही पानी की निकासी के लिए सीमेंट की पाइप बिछाई गई, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने के साथ ही आवागमन में सुविधा हो सके।
बताया जाता है कि सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी खराब हो जाती थी। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं समाजसेवी गुलाब मौर्या से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए गुलाब मौर्या ने पहल की और संबंधित मार्गों पर गड्ढामुक्त एवं मरम्मत का कार्य कराया।
सड़क के गड्ढों की मरम्मत होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन लोगों को परेशानी होती थी। पैदल चलने के साथ-साथ बाइक एवं अन्य वाहनों से आवागमन करने में भी काफी दिक्कत होती थी। अब सड़क के गड्ढे भर जाने से आवागमन पहले की अपेक्षा काफी सुगम हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने समाजसेवी गुलाब मौर्या की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लिया और सड़क की मरम्मत का कार्य कराया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह पहल की जाएगी। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराए जाने पर गुलाब मौर्या के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में किया गया यह कार्य सराहनीय है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!