मीरजापुर.। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशन में जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार के आदेशानुसार शारदीय नवरात्रि मेला विंध्याचल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर के तत्वावधान में दिनांक 10/11.10.2026 से 19.10.2026 तक विंध्याचल पुरानी वीआईपी रोड पर स्थित नगर पालिका परिषद नलकूप/जलकल परिसर में विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया है।
विधिक सेवा शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ला, अपर जनपद न्यायाधीश/नोडल अधिकारी रा0लो0अ0 संतोष कुमार गौतम, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनन्द कुमार-II के साथ-साथ समस्त न्यायिक अधिकारीगण के कर कमलों द्वारा फीता काट कर एवं माँ विंध्यवासिनी देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पण्डाल का उद्घाटन दिनांक 10.10.2026 को सायं 06:00 बजे किया जायेगा।
जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार ने बताया कि विंध्याचल शारदीय नवरात्रि मेले में दर्शन-पूजन हेतु जनपद एवं अन्य जनपदों से पधारे दर्शनार्थियों को नालसा एवं सालसा की विभिन्न विधिक योजनाओं से सन्दर्भित पैम्फलेट के माध्यम से जानकारी दी जायेगी और विधिक ज्ञान से जागरूक किये जाने के लिए पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्र) को विंध्याचल, काली खोह, अष्टभुजा एवं माँ तारा मन्दिर परिक्षेत्र, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशनों पर तैनात किये गये है।
श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की विधिक असुविधा/विधिक समस्याएं होती हैं, तो वह पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्र) से सम्पर्क स्थापित कर अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्र) से सम्पर्क नहीं होता है तो वह पुरानी वीआईपी रोड पर विधिक सेवा शिविर कैम्प लगाया गया है, उसमें अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकते हैं और उसका समाधान विधिक सेवा शिविर कैम्प में उपस्थित न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण तथा पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्र) द्वारा तत्काल सहायता प्रदान कराया जायेगा।
विधिक सेवा शिविर पूरे नवरात्रि मेला में अनवरत 24 घंटे चलता रहेगा और पीड़ित दर्शनार्थियों की समस्याओं को सुन कर त्वरित समाधान कराया जायेगा। श्रद्धालुओं को विधिक सहायता प्रदान करने के लिए न्यायिक अधिकारीगण, तृतीय श्रेणी एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की ड्यूटी अनवरत लगाई गई है।
प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि नवरात्रि मेले में पधारे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की विधिक असुविधा होती है तो वह उसके समाधान के लिए तुरन्त विधिक सहायता हेतु विधिक सेवा शिविर पण्डाल में उपस्थित हो, उनके समस्याओं का त्वरित निदान कराया जायेगा।
अपर जनपद न्यायाधीश/नोडल अधिकारी रा0लो0अ0 संतोष कुमार गौतम ने बताया कि गरीबों असहायों के मदद के लिये तथा उनकी समस्याओं के निदान के लिए पुरानी वीआईपी रोड पर विधिक सेवा कैम्प लगाया गया है। पीड़ित एवं असहाय व्यक्ति उपस्थित होकर अपनी समस्याओं को दर्ज कराते हुए निदान पा सकते हैं।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनन्द कुमार-II ने बताया कि दिनांक 10/11.10.2026 से शारदीय नवरात्रि मेला विंध्याचल में आये सभी श्रद्धालुओं व जनता से अनुरोध है कि वह विधिक समस्याओं से जुड़े अपनी समस्याओं को विधिक सेवा शिविर में अवश्य दर्ज करायें और निःशुल्क समस्याओं का समाधान प्राप्त कर लाभान्वित होवें।


