कला उत्सव: पारंपरिक कथावाचन में अंश एवं दिव्यांशु प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित
फोटोसहित
पटेहरा कलां, मिर्जापुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कलां के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। कला उत्सव के अंतर्गत पारंपरिक कथावाचन प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र अंश एवं दिव्यांशु ने उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। यह प्रतियोगिता जवाहर नवोदय विद्यालय, अमेठी में आयोजित की गई थी। दोनों विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शक शिक्षक श्री कमलेश कुमार एवं श्रीमती अनामिका भारतीय के निर्देशन में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
इसी क्रम में विद्यालय के छात्र जगदीश्वर नंद शास्त्री ने योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। उन्होंने डॉ. विपिन सिंह के मार्गदर्शन एवं देखरेख में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय पहुंचने पर सभी विद्यार्थियों का प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी, उपप्राचार्य संजय कुमार सिंह एवं ए. के. त्रिपाठी ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्राचार्य महोदय ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भारतीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को भी इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


