0 गढ़वा घाट में श्री श्री 1008 परमहंस स्वामी जी महाराज से प्राप्त किया आशीर्वाद, सौर ऊर्जा एवं बायोगैस प्लांट जैसी तकनीकों की ली जानकारी
मिर्जापुर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पटेहरा कलां, मिर्जापुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत एडवेंचर स्माइल कार्यक्रम के तहत आज 125 छात्र-छात्राओं को गढ़वा घाट स्थित गुरुदेव नगर का शैक्षिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा तथा सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गढ़वा घाट के श्री श्री 1008 परमहंस स्वामी जी महाराज से भेंट की। स्वामी जी महाराज ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं सामाजिक सेवा के महत्त्व के बारे में बताया तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, सदाचार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. पी. त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवनोपयोगी अनुभवों के माध्यम से एक जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।
इस प्रकार के शैक्षिक एवं साहसिक भ्रमण विद्यार्थियों को प्रकृति के निकट लाने के साथ-साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सहयोग और सेवा भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सौर ऊर्जा संयंत्र, झील, वाटर लिफ्टिंग प्रणाली तथा बायोगैस प्लांट का अवलोकन किया। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग, जल प्रबंधन तथा पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों में पढ़े गए विषयों को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के उपप्राचार्य संजय सिंह, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एम. के. बरनवाल, सह-प्रभारी संजय यादव एवं श्रीमती श्वेता आनंद के साथ श्रीमती शिल्पा सिंह, डॉ. विपिन सिंह, वेद प्रकाश मिश्र, पी. डी. पाठक, नित्याशा एवं अभिषेक जी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बनाने में सहयोग किया।
इस प्रकार एडवेंचर स्माइल कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव, प्रकृति से जुड़ाव और आध्यात्मिक प्रेरणा का अनूठा अवसर सिद्ध हुआ।





