News

संत पंकज महाराज ने दिया मानव धर्म अपनाने का संदेश
0 जनजागरण यात्रा के 54वें पड़ाव पर सत्संग, नामदान, सुमिरन, ध्यान और भजन की महत्ता बताई
फोटोसहित
अहरौरा, मीरजापुर। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के मुख्यालय से संत पंकज महाराज के सानिध्य में निकली 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा ने विकास खंड नरायनपुर के ग्राम मुँजडीह में अपना 54वाँ पड़ाव किया। सत्संग संदेश में संत पंकज महाराज ने मानव जीवन के महत्व को बताते हुए लोगों से सदाचार अपनाने, प्रभु का स्मरण करने और अपने जीवन को सार्थक बनाने की अपील की।
संत पंकज महाराज ने कहा कि बड़े सौभाग्य से मनुष्य शरीर प्राप्त हुआ है। इसका सदुपयोग करके अपना लोक-परलोक दोनों संवार लेना चाहिए। उन्होंने संसार को स्वप्न के समान बताते हुए कहा कि जिस प्रकार रात्रि में देखा गया सपना जागने पर समाप्त हो जाता है, उसी प्रकार संसार का जीवन भी क्षणभंगुर है। मृत्यु का समय आने पर मनुष्य को अपने जीवन में किए गए कार्यों का एहसास होता है और वह पछताता है कि उसने अपना जीवन यूँ ही व्यर्थ गंवा दिया। उन्होंने कहा कि बीता हुआ समय वापस नहीं आता, इसलिए मनुष्य को समय रहते अपने जीवन के उद्देश्य को समझना चाहिए।
उन्होंने गुरु महाराज बाबा जयगुरुदेव जी महाराज के संदेश का उल्लेख करते हुए लोगों से अपने दीन-ईमान पर लौटने और मनुष्य शरीर में भगवान की सच्ची पूजा करने का आह्वान किया।
उन्होंने जीवात्मा के कल्याण और प्रभु प्राप्ति के सरल मार्ग के रूप में नामदान की महत्ता बताई। साथ ही सुमिरन, ध्यान और भजन करने की विधियों को विस्तार से समझाते हुए श्रद्धालुओं से नियमित रूप से इनका अभ्यास करने की अपील की।
संत पंकज महाराज ने जाति-पाति के झगड़ों को मन की खुराफात बताते हुए कहा कि वास्तव में मनुष्य की एक ही जाति मानव है और उसका असली धर्म मानव धर्म है। एक-दूसरे की निःस्वार्थ भाव से सेवा करना, सदाचार अपनाना, करुणा रखना और आपसी सद्भाव बनाए रखना मानव धर्म के प्रमुख गुण हैं। उन्होंने लोगों से गाँव-गाँव में भजन केंद्र स्थापित कर भजन करने तथा समाज के लोगों को शाकाहारी और सदाचारी बनाने की अपील की। सत्संग कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अपने 55वें पड़ाव के लिए ग्राम खजुरौल स्थित छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज के मैदान विकास खंड नरायनपुर के लिए रवाना हो गई। जहाँ अगले दिन प्रातः 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!